Trending

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में दो बड़े धमाके, 16 महिलाओं समेत 23 मजदूरों की मौत

Satya Report: तमिलनाडु में इसी हफ्ते गुरुवार (23 अप्रैल, 2026) को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगातार दूसरे दिन बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है. राज्य के विरुधुनगर जिले के कत्तनारपट्टी में रविवार (19 अप्रैल, 2026) को एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ है. स्थानीय पुलिस ने बताया कि इस घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले कम से कम 23 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए हैं.

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में दो बड़े धमाके, 16 महिलाओं समेत 23 मजदूरों की मौत
तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में दो बड़े धमाके, 16 महिलाओं समेत 23 मजदूरों की मौत

इस घटना की खबर सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मरने वालों लोगों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जताई है और अधिकारियों को जरूरी मदद सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं.

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अभी तक हमने 19 शव बरामद किए हैं. हमें आशंका है कि संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पटाखा फैक्ट्री में आग लगी, उस वक्त वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि इस धमाके के असर से बिल्डिंग के कुछ हिस्से ढह गए और इसके बाद लगी भीषण आग में पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई.

वहीं, विरुधुनगर के जिला कलेक्टर डॉ. एनओ सुखपुत्र ने कहा, ‘इस घटना में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है. इन 23 मृतकों में से 19 शवों की पहचान हो चुकी है. इनमें 16 महिलाएं और तीन पुरुष हैं, जबकि छह घायल आईसीयू में हैं.’ उन्होंने कहा कि जब हम बचाव कार्य कर रहे थे, उसी दौरान दूसरा विस्फोट हुआ. इसके परिणामस्वरूप पुलिस, हमारी फायर और रेस्क्यू टीम, राजस्व विभाग की टीम और बचाव कार्य में लगे स्वयंसेवकों सहित करीब 13 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. फिलहाल कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है और हमारी मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही है. .

उन्होंने कहा, ‘जिला प्रशासन की मदद और बचाव समेत अन्य कार्यों की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ IAS अधिकारी को नियुक्त किया गया है. हमने एफआईआर दर्ज कर ली है. जांच जारी है.’

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply