Satya Report: एसएसपी ने बताया कि दिलीप ने पुलिस को बताया था कि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार छिपा दिए गए हैं। इस हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस दिलीप को लेकर पहुंची थी। लेकिन इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पटना में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। पटना पुलिस ने दिलीप नाम के एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है। बताया जा रहा है कि दिलीप पटना के रामकृष्णा नगर इलाके में 19 अप्रैल को गहनों की लूटपाट में शामिल था। इस वारदात की जांच कर रही पुलिस ने शक के आधार पर दिलीप को पकड़ा था। पटना एक एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि दिलीप ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया था। इस कांड में कुल 4 अपराधी शामिल थे। दिलीप इस लूटकांड का मुख्य आरोपी था।
आपको बता दें कि रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के धन कॉलोनी चौराहा स्थित श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स में रविवार को दिनदहाड़े लूट हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने दावा किया था कि बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस ने मंगलवार को भी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। आशंका जताई गई थी कि घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सोनपुर या छपरा की ओर भागे होंगे। इसी कारण दीघा-एम्स एलिवेटेड सड़क, जेपी सेतु और गांधी सेतु पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए थे। जिस बाइक से बदमाश लूट का सोना लेकर भागे थे, उसकी पहचान कर ली गई थी। .
जांच में पता चला था कि बाइक चोरी की है और उसके मालिक द्वारा पहले ही थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। चोरी की बाइक का ही इस्तेमाल इस वारदात में किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर बदमाशों के आने और वहां से भागने के फुटेज भी देखे थे। इसके अलावा रामकृष्णा नगर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे, ताकि उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ को भी लगाया गया है। मंगलवार को डायल-100 की टीम को भी इस कार्य में लगाया गया।



