Satya Report: कोरबाः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक शख्स हैवान बन गया और पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, सालिक राम (58 वर्ष) नामक शख्स ने चाकू से पत्नी का गला काट दिया। सालिक राम पत्नि का सिर धड़ से अलग कर गांव में घूमता रहा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामला राजगामार चौकी इलाके के बुंदेली गांव का है।

पुलिस ने बताया कि महिला की धारदार हथियार से हत्या करने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के रजगामार पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले बुंदेली गांव में पत्नी चेचबाई (50 वर्ष) की हत्या के आरोप में पुलिस ने सालिक राम (58) को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि सालिक राम बुंदेली गांव में एक पोल्ट्रीफार्म में चौकीदार है।
कैसे हुआ विवाद .
बुधवार को जब उसकी पत्नी चेचबाई से उसका विवाद हुआ तब उसने नशे की हालत में चेचबाई की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और कटे हुए सिर को बोरी में भरकर पुलिस चौकी रवाना हो गया। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान सालिक राम ने पुलिस को जानकारी दी कि चेचबाई उसके चरित्र को लेकर संदेह करती थी, जिससे दोनों में अक्सर विवाद होता था। बुधवार को इसी वजह से उनके बीच विवाद हुआ और उसने चेचबाई की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के शव और धारदार हथियार को बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



