Satya Report: दिल्ली में आईआरएस अफसर की बेटी से रेप-मर्डर में पकड़ा गया नौकर हैवान निकला है। दो दिन में उसने दो महिलाओं से रेप और एक मर्डर की वारदात को अंजाम दिया। अलवर से दिल्ली तक खौफ मचाने वाले नौकर की पूरी कुंडली जानिए।
साउथ दिल्ली में आईआरएस अफसर की 22 वर्षीय बेटी से रेप और हत्या करने वाले राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। राहुल अफसर के घर नौकर था, लेकिन उसकी हरकतों के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। राहुल के बारे में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। उसने दो दिन में दो रेप और एक मर्डर को अंजाम दिया। दिल्ली में वारदात से पहले वह अलवर में अपने दोस्त की बीवी को हवस का शिकार बना चुका था। उसकी हत्या की भी कोशिश की। पुलिस के अनुसार, राहुल का उस महिला के घर काफी आना-जाना था। वो अक्सर महिला के पति संग लूडो खेलता था।
राजस्थान के अलवर से शुरू हुई एक सनसनीखेज वारदात की कड़ी दिल्ली में जाकर खत्म हुई। अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने भी उसी आरोपी को पकड़ने के लिए मदद मांगी, जिसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई तेज कर दी।
अलवर में महिला से दरिंदगी
एफआईआर के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने अलवर में एक घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही वह जबरन अंदर घुस गया, महिला का मुंह बंद किया, उसे जमीन पर गिराकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला को कई जगह काटा और गला दबाने की भी कोशिश की। जाते समय उसने महिला को धमकी दी कि अगर उसने शिकायत की तो वह उसके पति और बच्चों को मार देगा। वारदात के बाद महिला ने अपने पति को फोन किया, जो तुरंत घर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अलवर में कांड के बाद बेखौफ दिल्ली निकला
पुलिस के अनुसार, अलवर में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दिल्ली के लिए निकल गया। रास्ते में उसने एक एंबुलेंस चालक को 5-6 हजार रुपये देने का झांसा देकर लिफ्ट ली, लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही वाहन रुकवाकर बिना पैसे दिए फरार हो गया। इस दौरान उसने अपने और अपने भाई के मोबाइल फोन समेत तीन फोन करीब 13 हजार रुपये में बेच दिए। .
दिल्ली में अफसर के घर खौफनाक कांड
दिल्ली पहुंचने के बाद आरोपी ने दक्षिणी दिल्ली के उस घर को निशाना बनाया, जहां वह पहले घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, इमारत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी—सीसीटीवी कैमरे, हर फ्लोर पर लॉक दरवाजे। आरोपी को एक पासकोड पहले से पता था, जबकि बाकी ताले तोड़कर वह अंदर घुसा। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पीली शर्ट और काले पैंट में घर में दाखिल होता दिखा, जबकि बाहर निकलते समय उसने सफेद पैंट पहन रखी थी और उसके पास काला बैग भी था।
अपनी हरकतों के कारण नौकरी से निकाला गया
द्वारका इलाके के एक होटल से राहुल को जघन्य हत्याकांड मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके बारे में खुलासा हुआ है कि उसे डेढ़ महीने पहले घर से निकाल दिया गया था, क्योंकि उसे अन्य नौकरों से पैसे उधार लेने और उन्हें कभी न चुकाने की आदत थी।



