Satya Report: एक ऐसा ‘अतरंगी’ मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप हंसी के मारे लोटपोट हो जाएंगे, लेकिन मामला सीरियस भी है. वहां लोग सड़कों पर लगे लैंप पोस्ट (स्ट्रीट लाइट) से ऐसे चिपक रहे हैं, जैसे कोई पुरानी उधारी वसूलनी हो. इस ‘सेल्फ-रेस्क्यू’ चैलेंज के चक्कर में लोग खंभों में ऐसे फंस रहे हैं कि, छुड़ाने के लिए पुलिस वालों को पसीने आ रहे हैं.
.
आजकल इंटरनेट की दुनिया में कब क्या ‘ट्रेंड’ बन जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. अब पड़ोसी मुल्क चीन को ही देख लीजिए. वहां एक नया ‘भूत’ सवार हुआ है…China Lamp Post Challenge. लोग रात के खाने के बाद टहलने निकलते हैं और सीधे जाकर बिजली के खंभे से लिपट जाते हैं. करना बस इतना है कि खंभे के चारों तरफ अपने पैर क्रॉस करके बैठना है और फिर खुद को ‘आजाद’ करना है, लेकिन यकीन मानिए, ये जितना आसान दिख रहा है, उतना ही टेढ़ी खीर है. लोग जोश-जोश में पैर तो फंसा लेते हैं, लेकिन फिर वही हाल होता है, जो ‘चक्रव्यूह’ में अभिमन्यु का हुआ था.
जब सोंग ‘मैडम’ खंभे की ‘जकड़’ में फंस गईं (China lamp post challenge viral)
पोस्ट के मुताबिक, हाल ही में जियांग्सू प्रांत की रहने वाली एक महिला, जिसे मीडिया ‘सोंग’ कह रहा है, डिनर के बाद टहलते हुए जोश में आ गईं. उन्होंने सोचा कि क्यों न इस वायरल चैलेंज को आजमाया जाए, लेकिन जैसे ही उन्होंने खंभे पर पैर फंसाए, वो ऐसी उलझीं कि हिलना-डुलना मुश्किल हो गया, जितना वो खुद को छुड़ाने की कोशिश करतीं, खंभा उन्हें उतनी ही मजबूती से ‘गले’ लगा लेता. आखिरकार मोहल्ले वालों और पुलिस को आकर उन्हें इस ‘इश्क-ए-खंभा’ से निजात दिलानी पड़ी.
सोशल मीडिया पर ‘कूल’ दिखने की चाहत में लोग अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. ये वायरल ट्रेंड न सिर्फ बेवकूफी भरा है, बल्कि आपकी हड्डियों और नसों के लिए भी आफत है. तो भाई…अगली बार खंभा दिखे तो उसे सिर्फ रोशनी देने दें, खुद उस पर चढ़कर ‘रोशनी’ बनने की कोशिश न करें.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के आधार पर दी गई है. Satya report इसकी पुष्टि नहीं करता.



