Punjab

राघव चड्ढा और स्वाति मालीवाल से हरभजन सिंह तक… ये हैं वो राज्यसभा सांसद जो AAP से नाता तोड़ भाजपा के साथ गए

आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. राघव चड्ढा ने AAP से नाता तोड़ते हुए ऐलान किया है कि दो-तिहाई राज्यसभा सांसद बीजेपी में जाएंगे. इन सांसदों में राघव चड्ढा, विक्रमजीत सिंह साहनी, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल शामिल हैं. आम आदमी पार्टी ने इसे ऑपरेशन लोटस और गद्दारी करार दिया है. इस बड़े सियासी घटनाक्रम और आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए डिटेल में इन सांसदों के बारे में जानते हैं जो बीजेपी राघव के साथ बीजेपी में जा रहे हैं.

राघव चड्ढा और स्वाति मालीवाल से हरभजन सिंह तक… ये हैं वो राज्यसभा सांसद जो AAP से नाता तोड़ भाजपा के साथ गए
राघव चड्ढा और स्वाति मालीवाल से हरभजन सिंह तक… ये हैं वो राज्यसभा सांसद जो AAP से नाता तोड़ भाजपा के साथ गए

राघव चड्ढा: राघव चड्ढा की गितनी आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेताओं में होती थी. दिल्ली में जन्मे और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट रहे चड्ढा ने राजनीति में कदम रखने से पहले कॉर्पोरेट सेक्टर में भी काम किया है. वो दिल्ली सरकार में वित्त मंत्री के सलाहकार रहे. इसके साथ ही दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे. साल 2020 में दिल्ली के राजेंद्र नगर से विधायक चुने गए. इसके बाद 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद बने.

विक्रमजीत सिंह साहनी: पंजाब के कोटकपूरा के रहने वाले विक्रमजीत सिंह साहनी साल 2022 में संसद के उच्च सदन राज्यसभा के सदस्य चुने गए थे. संसद में वो पंजाब के आर्थिक, कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दों को उठाते रहे हैं. उनके व्यावसायिक और सामाजिक कामों की बात करें तो वो सन ग्रुप/सन इंटरनेशनल के चेयरमैन हैं, जो कि फर्टिलाइजर, ट्रेड और एग्री सेक्टर में काम करता है. समाज सेवा के लिए उन्हें साल 2008 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा इंटरनेशनल पीस अवॉर्ड और कई अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले हैं.

राजेंद्र गुप्ता: मार्च 2011 से अक्टूबर 2025 तक राज्य आर्थिक नीति और योजना बोर्ड पंजाब के उपाध्यक्ष रहे. अक्टूबर 2025 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए. दिसंबर 2025 से श्रम, वस्त्र और कौशल विकास समिति के सदस्य हैं.

स्वाति मालीवाल: सामाजिक कार्यकर्ता से राजनेता बनीं स्वाति मालीवाल मुखर महिला नेता हैं. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद सामाजिक क्षेत्र में काम शुरू किया. स्वाति दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं. इस पद पर रहते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी के मामलों को उठाया. 2024 में स्वाति आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद बनीं. वो अपनी बेबाक शैली के लिए जानी जाती हैं.

संदीप पाठक: संदीप पाठक आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं में शुमार थे. सियासत में आने से पहले पाठक शिक्षण और रिसर्च से जुड़े रहे. संदीप पाठक आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के रूप में अहम भूमिका निभाई. 2022 में वो पंजाब से राज्यसभा सांसद बने. पार्टी में उन्हें लो प्रोफाइल में रहकर बड़े और अहम काम करने वाले नेताओं में गिना जाता था. आम आदमी पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है.

हरभजन सिंह: देश के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह अभी राज्यसभा सांसद हैं. पंजाब के जालंधर में जन्मे हरभजन ने क्रिकेट में ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से खास पहचान बनाई. कई बड़े मैचों में टीम इंडिया को जीत दिलाई. साल 2022 में वो आम आदमी पार्टी के समर्थन से पंजाब से राज्यसभा सांसद बने. खेल जगत से सियासत में आए हरभजन युवाओं और खेल विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं.

अशोक मित्तल: शिक्षा जगत से सियासत में मित्तल एक बड़ा नाम है. उनका जन्म पंजाब में हुआ. वो लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक चांसलर के रूप में जाने जाते हैं. साल 2022 में वो आम आदमी पार्टी के समर्थन से पंजाब से राज्यसभा सांसद बने. वो शिक्षा सुधार, स्किल डेवलपमेंट के मुद्दों और युवाओं की आवाज उठाते रहे हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply