Satya Report: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। इन दिनों अपनी फिल्मों धुरंधर और धुरंधर: द रिवेंज की शानदार सफलता का आनंद ले रहे संजय दत्त ने अब अपनी 1993 की सुपरहिट फिल्म खलनायक के सीक्वल का ऐलान कर दिया है। नई फिल्म का नाम खलनायक रिटर्न्स रखा गया है।

इस फिल्म को जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे प्रोड्यूस कर रही हैं, जिन्होंने धुरंधर फ्रेंचाइजी को भी प्रोड्यूस किया था। फिल्म के ऐलान के साथ ही संजय दत्त ने इसका दमदार फर्स्ट लुक भी शेयर किया है।
संजय दत्त ने शेयर किया पोस्ट
संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं… वो फिर से शुरू होती हैं।” इसके साथ उन्होंने फिल्म से जुड़े निर्माताओं और स्टूडियो को टैग किया।
फर्स्ट लुक में दिखा खतरनाक अंदाज
जारी किए गए वीडियो में संजय दत्त एक नए और रफटफ लुक में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह सिगरेट जलाते हुए जमीन पर पड़े एक शख्स को धमकाते दिखते हैं। इसके बाद वह अपनी मशहूर लाइन “नायक नहीं, खलनायक हूं मैं” बोलते नजर आते हैं। इस डायलॉग ने फैंस की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं।
1993 में रिलीज हुई खलनायक संजय दत्त के करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही है। सुभाष घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त ने बल्लू नाम के खतरनाक अपराधी का किरदार निभाया था। फिल्म में माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ, राखी, अनुपम खेर और रम्या कृष्णन भी अहम भूमिकाओं में थे।
फिल्म की कहानी बल्लू के जेल से भागने और उसे पकड़ने के मिशन पर आधारित थी। संजय दत्त का एंटीहीरो अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था।
आज भी है कल्ट क्लासिक
खलनायक उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही थी। फिल्म के गाने, खासकर चोली के पीछे क्या है, आज भी बेहद लोकप्रिय हैं। यही वजह है कि अब खलनायक रिटर्न्स का ऐलान होते ही फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है।


