Satya Report: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के NH24 के पास स्थित गोल्फ लिंक ‘आशियाना ले रेजीडेंसी सोसायटी’ की बालकनी में वृद्ध महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलिंग में लटका हुआ मिला है. जिसे देखकर सोसायटी के लोगों के होश उड़ गए. मृतक महिला सपा नेता मनोज चौधरी की सास बताई जा रही है. पुलिस ने शव को रेलिंग से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सोसाइटी में रहने वाले लोग रोज की तरह टहलने के लिए निकले थे. इस दौरान उनकी चीख अचानक उस समय निकल आई, जब उन्होंने एक हाईराइज टावर के फ्लैट की बालकनी पर महिला शव झूलता हुआ देखा. इसके बाद मौके पर हड़कंप मचा गया. इसी बीच किसी ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई. शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने लोगों से मृत वृद्ध महिला के बारे में जानकारी जुटाई.
संदिग्ध हालत में वृद्ध महिला की मौत
पूछताछ में महिला की पहचान सपा नेता मनोज चौधरी की सास सत्यवती के रूप में हुई, जो अपने बेटे नीरज के साथ इस फ्लैट में रहती थी. पिछले साल नीरज की पत्नी की मौत हो गई थी. इसके बाद महिला के दामाद सपा नेता मनोज चौधरी ने उन्हें गोल्फ लिंक की आशियाना ले रेजीडेंसी में फ्लैट दिलवा दिया था. बाकी जानकारी देने से मृतक के बेटे ने मना कर दिया है. पुलिस का कहना है कि मृतक महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं थी.
‘डिप्रेशन में थी मृतका’
वह डिप्रेशन में थी. शायद इसी कारण उन्होंने सुसाइड कर लिया. फिलहाल, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा. पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. मृतका के परिजन का रोरोकर बुरा हाल है.



