Satya Report: मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा कि जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज तेज गेंदबाज का भी कभीकभी दिन खराब हो सकता है या उनका सत्र अच्छा नहीं जा सकता। उन्होंने भारत के इस स्टार तेज गेंदबाज को थोड़ी राहत देने की अपील की जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में अपना तीसरा सबसे महंगा गेंदबाजी स्पेल डाला।
बुमराह ने बुधवार को सनराइजर्स के खिलाफ चार ओवर में 54 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। हैदराबाद ने यह मैच छह विकेट से जीता।

मुंबई इंडियन्स ने रेयान रिकेल्टन के नाबाद 123 रन की मदद से पांच विकेट पर 243 रन बनाए लेकिन सनराइजर्स ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 249 रन बनाकर जीत हासिल की।
जब संवाददाताओं नेबुमराह की मौजूदा आईपीएल में गेंदबाजी पर सवाल किए तो पोलार्ड ने कहा, ‘‘जब कोई क्रिकेटर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा होता है तो हम हर उस पहलू पर गौर करते हैं कि वह अच्छा क्यों नहीं कर रहा है और जसप्रीत बुमराह के मामले में भी कोई फर्क नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने वर्षों से ऐसा किया है। एक इंसान होने के नाते आपको भी गलतियां करने, दिन खराब होने, सत्र खराब होने या कुछ महीने खराब जाने का हक है। मुझे बस लगता है कि हमें कभीकभी उन अच्छी चीजों को याद रखना चाहिए जो उन्होंने की हैं।’’
पोलार्ड ने कहा, ‘‘हां, हम वर्तमान में जीने की कोशिश करते हैं और वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं लेकिन वह लंबे समय से मुंबई इंडियन्स और भारत के लिए नंबर एक गेंदबाज रहे हैं। मुझे बस लगता है कि कभीकभी हम क्रिकेटरों को थोड़ी राहत दे सकते हैं क्योंकि हमारी बदकिस्मती है कि हम हमेशा लोगों की नजरों में रहते हैं इसलिए जब हम खराब प्रदर्शन करते हैं तो उसे हमेशा अधिक उछाला जाता है।’’
पोलार्ड ने कहा कि इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को थोड़ी राहत देने से उन्हें लंबे समय में फायदा भी हो सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि वह और भी ऊंचाइयों पर पहुंचकर जोरदार वापसी करेंगे और विकेट लेंगे और हम सब एक बार फिर ना सिर्फ मुंबई इंडियन्स के लिए बल्कि भारत के लिए भी ‘बुमराहबुमराह’ के नारे लगा रहे होंगे।’’
पोलार्ड ने स्वीकार किया कि मुंबई इंडियन्स की टीम अभी तक अपना संपूर्ण प्रदर्शन नहीं कर पाई है लेकिन उन्होंने यह मानने से इनकार कर दिया कि इस सत्र में उनकी टीम ‘हार’ गई है।



