Lunch bag kaise saaf karen: बच्चे हों या फिर बड़े, स्कूलकॉलेज जाना हो या फिर ऑफिस। रोजाना खाना ले जाने के लिए लोग टिफिन या फिर लंच बैग का इस्तेमाल करते हैं। वापस आने के बाद टिफिन तो हर बार धोया जाता है लेकिन लंच बैग धोने का नंबर बहुत कम ही आता है। अक्सर लोग इसकी सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं।

इसकी वजह से कई बार लंच बैग में से बदबू आने लगती है। लंच बैग को हर हफ्ते कम से कम एक बार तो जरूर धोना चाहिए। टिफिन का खाना गिरने या लीकेज होने से बैग में स्मेल आ सकती है। इसके अलावा लंबे समय तक नमी रहने से बैग में बैक्टीरिया और फफूंदी बढ़ सकती है। बंद बैग में हवा न लगने से सीलन जैसी बदबू आ सकती है। लंच बैग से बदबू और गंदगी दूर करने के लिए आप यहां बताए आसान उपाय अपना सकते हैं।
बदबू और गंदगी दूर करने के घरेलू तरीके
बेकिंग सोडा
लंच बैग से बदबू और गंदगी हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बैग के अंदर थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़क दें। इसे आप कुछ घंटों या फिर रातभर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। फिर बाद में साफ कपड़े या ब्रश कर लें या फिर झाड़ लें। ऐसा करने से बैग से बदबू दूर करने में मदद मिल सकती है।
सिरका और पानी
बैग को साफ करने के लिए बराबर मात्रा में सिरका और पानी मिलाएं। इसके बाद कपड़े की मदद से बैग के अंदर साफ करें। फिर बाद में सूखे कपड़े से पोंछ लें। इससे गंदगी और बदबू कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही बैग के अंदर जमा चिकनाई साफ हो सकती है।
साबुन और गुनगुना पानी
हल्के साबुन और गुनगुने पानी से बैग को साफ करें। फिर ज्यादा गंदे हिस्सों को ब्रश से साफ करें। इससे बैग पर लगे खाने के दाग और गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है।
लिक्विड डिटर्जेंट
लंच बैग ज्यादा गंदा हो गया है तो सबसे पहले एक बड़े कप में कुछ बूंद लिक्विड डिटर्जेंट की लें। फिर इसमें एक छोटा कप पानी डालें। दोनों को सही से मिक्स कर दें और एक स्प्रे बोतल में डाल दें। अब इसे लंच बैग पर स्प्रे कर दें। इसके बाद पानी से बैग को धो दें। ऐसा करने से बैग जल्दी साफ हो जाएगा और उसमें से बदबू भी नहीं आएगी।
बॉक्स की रबर देखें
कई बार ऐसा होता है टिफिन या लंच बॉक्स का बैग तो साफ कर देते हैं लेकिन कई टिफिन बॉक्स के कवर में रबर लगे हुए होते हैं। इसमे खाना लातेले जाते समय मसाले गिरकर फंस जाते हैं। इसके अलावा लंबे समय तक इस एरिया में रहने पर ये गंदगी की वजह बन सकते हैं। इसलिए आपको बॉक्स से रबर को निकालकर इसे अच्छी तरह से साफ करना चाहिए।
सिलाई, कोनों और टांकों पर ध्यान दें
खाने के बचे हुए टुकड़े अक्सर सिलाई और किनारों में जम जाते हैं। इससे दिक्कत यह होती है कि यहां सफाई करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। इसके लिए एक पुराने टूथब्रश को हल्के साबुन के पानी में भिगोकर इन जगहों को धीरे से साफ़ करें। कोनों पर विशेष ध्यान दें जहां गिरा हुआ खाना जमा होकर सूख जाता है। इस तरह की सफाई से छिपी हुई गंदगी दूर होती है जो दुर्गंध और बैक्टीरिया के पनपने का कारण बनती है।



