Sabji Ka Extra Oil Kaise Nikale: खाना बनाते समय कई बार जल्दबाजी में या अंदाजे से तेल ज्यादा पड़ जाता है। खासकर ग्रेवी वाली सब्जियों में ऐसा ज्यादा होता है। तेल सब्जी के ऊपर तैरने लगता है। इससे स्वाद और सेहत दोनों बिगड़ सकते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है तो घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि कुछ ट्रिक्स की मदद से सब्जी का अतिरिक्त तेल बाहर निकाला जा सकता है, जिससे खाने का स्वाद भी बरकरार रहेगा।

बर्फ का इस्तेमाल करें
सब्जी में ज्यादा तेल निकालने के लिए बर्फ का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक बर्फ का टुकड़ा लें और उसे चम्मच में रखकर सब्जी के ऊपर हल्के से घुमाएं। इस तरह ठंडक की मदद से तेल ऊपर जमने लगेगा। जिसे आसानी से अलग किया जा सकता है। यह तरीका ग्रेवी वाली सब्जियों के लिए अपना सकते हैं।
उबला आलू डालें
अगर सब्जी में तेल ज्यादा हो गया है तो उसमें उबला हुआ आलू डाल सकते हैं। आलू एक्स्ट्रा तेल सोखने का काम करेगा और फिर कुछ देर बाद आलू को बाहर निकाल लें। इससे सब्जी का स्वाद खराब नहीं होगा और तेल भी कम हो जाएगा।
दही या बेसन का इस्तेमाल
ग्रेवी वाली सब्जियों में तेल कम करने के लिए आप दही या बेसन का इस्तेमाल कर सकते हैं। दही को थोड़ा सा फेंट कर या बेसन को पानी में घोलकर सब्जी में मिक्स कर सकते हैं। इससे तेल अलग दिखाई नहीं देगा और स्वाद भी बेहतर हो सकता है।
गर्म पानी मिलाएं
अगर सब्जी में ज्यादा तेल है तो इसके लिए गर्म पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे तेल ऊपर आने लगता है जिसे चम्मच की मदद से हटाया जा सकता है। यह तरीका खासकर मसालेदार सब्जियों के लिए कारगर साबित हो सकता है।
ब्रेड की मदद लें
सब्जी में ज्यादा तेल निकालने के लिए ब्रेड का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। एक ब्रेड स्लाइस लें और उसे हल्के हाथों से सब्जी के ऊपर तैर रहे तेल पर रखें। इससे ब्रेड पर एक्स्ट्रा तेल आ जाएगा। ध्यान रखें कि ब्रेड को सब्जी में डुबोना नहीं है बल्कि ऊपर से तेल को निकालना है।
इन बातों का रखें ध्यान
खाना बनाते समय इस बात का ख्याल रखें कि तेल ज्यादा न हो। इसके लिए मापकर तेल डाल सकते हैं। हेल्दी खाना पसंद है तो कम तेल में सब्जी पकाने की आदत डालें। इसके अलावा आप नॉन स्टिक बर्तनों का उपयोग कर सकते हैं जिसपर कम तेल में खाना बनाया जा सकता है। सब्जी में ज्यादा तेल पड़ना एक आम समस्या है जिसे आसानी से ठीक किया जा सकता है।



