CrimeIndia

​10 साल की बच्ची ने 18 महीने के मासूम को छठी मंजिल से फेंका, मुंबई के गोरेगांव में सनसनीखेज वारदात

Mumbai News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव पूर्व में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 10 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने पड़ोस में रहने वाले महज 18 महीने के मासूम बच्चे को उठाकर इमारत की छठी मंजिल से नीचे फेंक दिया. इस भयानक हादसे में मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पूरी घटना इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर दिंडोशी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग लड़की और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है.

​10 साल की बच्ची ने 18 महीने के मासूम को छठी मंजिल से फेंका, मुंबई के गोरेगांव में सनसनीखेज वारदात

यह सनसनीखेज वारदात गोरेगांव पूर्व के नागरिक निवारा क्षेत्र स्थित शिवशाही बिल्डिंग नंबर 1 की छठी मंजिल पर घटी. मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पड़ोसी परिवार का 18 महीने का मासूम बच्चा अचानक गायब हो गया. बाद में पता चला कि 10 साल की लड़की ने मासूम को उठाकर इमारत की छठी मंजिल से डक्ट के रास्ते नीचे फेंक दिया था. इतनी ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

CCTV फुटेज खंगालने पर बेपर्दा हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला सच

शुरुआत में किसी को समझ नहीं आ रहा था कि मासूम बच्चा इमारत के नीचे कैसे गिरा. जब परिजनों और पुलिस ने इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की, तो पूरा सच सामने आ गया. फुटेज में 10 साल की लड़की मासूम बच्चे को अपनी गोद में उठाकर ले जाती और फिर उसे डक्ट के पास से नीचे फेंकती हुई साफ नजर आई.

बिल्ली को लेकर हुआ था विवाद, रंजिश में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस पड़ताल और परिजनों के बयानों में हत्या के पीछे की चौंकाने वाली वजह सामने आई है. पीड़ित परिवार 1 अक्टूबर को ही इस इमारत में रहने आया था. मृत बच्चे के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही पड़ोसी परिवार से बिल्ली को लेकर कहासुनी और तीखा झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था. परिजनों के अनुसार, नाबालिग लड़की मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है. हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

मां और बच्ची पुलिस हिरासत में, परिजनों ने की इंसाफ की मांग

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और सनसनी का माहौल है. दिंडोशी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर 10 वर्षीय नाबालिग लड़की और उसकी मां दोनों को हिरासत में ले लिया है. मृत मासूम के दादा और चाचा ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बच्ची ने यह कदम खुद उठाया या इसमें परिवार के किसी बड़े सदस्य की उकसावेबाजी शामिल थी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply