
रात के अंधेरे में सुनसान सड़क पर गाड़ी चला रहे एक ड्राइवर ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि अगले कुछ सेकंड उसकी जिंदगी के सबसे डरावने पलों में बदल जाएंगे। सड़क के किनारे अचानक एक भालू और उसका बच्चा दिखाई दिया। ड्राइवर ने खतरा समझते हुए गाड़ी रोक दी, लेकिन तभी मादा भालू ने अचानक अपना रुख बदल लिया और सीधे कार की तरफ दौड़ पड़ी।
यह घटना जापान के होक्काइडो के बिफुका इलाके में 29 सितंबर की रात की बताई जा रही है। सामने आए डैशकैम फुटेज में सड़क के किनारे दो भालू दिखाई देते हैं। माना जा रहा है कि इनमें से एक मादा भालू थी और दूसरा उसका बच्चा। शुरुआत में दोनों सड़क से दूर जाते हुए नजर आते हैं और कार चालक भी बिना कोई जोखिम लिए गाड़ी रोक देता है।
लेकिन कुछ ही पलों में हालात पूरी तरह बदल जाते हैं। मादा भालू अचानक पीछे मुड़ती है और तेजी से कार की ओर दौड़ पड़ती है। इससे पहले कि ड्राइवर कुछ समझ पाता, भालू कार के बोनट पर चढ़ जाती है।
इसके बाद उसने कार के अगले हिस्से पर पंजों और दांतों से हमला करना शुरू कर दिया। वह कुछ देर तक बोनट को नोचती रही। फिर पीछे हटकर कार के अगले हिस्से पर कई बार जोरदार टक्कर भी मारी। हमले की ताकत इतनी ज्यादा थी कि कार के बोनट पर गहरे निशान और गड्ढे पड़ गए। एक हिस्से में तो छेद तक हो गया।
कार के अंदर मौजूद ड्राइवर के लिए यह पूरा घटनाक्रम बेहद खौफनाक रहा होगा, लेकिन राहत की बात यह रही कि उसे कोई चोट नहीं आई। बताया गया कि भालू को भी इस घटना में नुकसान नहीं हुआ। कुछ देर तक कार पर हमला करने के बाद मादा भालू अपने बच्चे के साथ जंगल की तरफ



