CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

​​​​​60 लाख के खजाने का​​​ लालच देकर दवा कारोबारी से 25 लाख की ठगी, सोने की जांच कराई तो खुला चौंकाने वाला राज

​​​​​60 लाख के खजाने का​​​ लालच देकर दवा कारोबारी से 25 लाख की ठगी, सोने की जांच कराई तो खुला चौंकाने वाला राज

हाथरस, उत्तर प्रदेश: राजस्थान में खुदाई के दौरान 60 लाख रुपये कीमत का खजाना मिलने का झांसा देकर ठगों ने हाथरस के एक दवा कारोबारी से 25 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने पीड़ित को सोने की चेन बताकर पीली धातु की चेन थमा दी, जो बाद में जांच में पीतल की निकली। शिकायत के आधार पर कोतवाली सदर पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गुड़हाई बाजार निवासी दवा कारोबारी सौरभ वर्मा के मुताबिक, 30 सितंबर को एक महिला समेत तीन लोग उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने खुद को परेशान बताते हुए दावा किया कि राजस्थान में खुदाई के दौरान उन्हें करीब दो किलोग्राम वजन की पीली धातु की चेन मिली है। आरोपियों ने इसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई और बेचने की पेशकश की।

चेन का नमूना जांच में सोना निकला

पीड़ित ने बताया कि भरोसा करने से पहले उन्होंने चेन का एक छोटा टुकड़ा कटवाकर जांच कराई थी। जांच में वह सोने का निकला। इसके बाद 25 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। रकम की व्यवस्था करने के लिए सौरभ ने साथी दुकानदारों और रिश्तेदारों से पैसे उधार लिए।

आरोप है कि 4 अक्टूबर को तीनों लोग उनसे 25 लाख रुपये नकद लेकर चेन दे गए। आरोपियों ने चेक से भुगतान लेने से इनकार कर दिया था। बाद में जब पूरी चेन की सूक्ष्म जांच कराई गई तो पता चला कि वह पीतल की बनी हुई थी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू

ठगी का पता चलने के बाद सौरभ वर्मा ने सीसीटीवी फुटेज और एक आरोपी का मोबाइल नंबर पुलिस को सौंपा। उन्होंने 14 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। इसके बाद बुधवार रात कोतवाली सदर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने मामले की जांच के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

सत्या रिपोर्ट की ओर से: यह मामला पीड़ित की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान और ठगी से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply