
पुणे, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 33 वर्षीय महिला ने अपने छह साल के बेटे के साथ एक आवासीय इमारत की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस को महिला का आठ पन्नों का पत्र भी मिला है, जिसमें उसने अपनी बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र किया है।
जानकारी के मुताबिक, एकता बंगड़ अपने पति मनोज बंगड़ और छह वर्षीय बेटे माधव के साथ पिंपरी-चिंचवड़ के सिग्नेचर पार्क स्थित एक आवासीय इमारत में रहती थीं। उनके पति पुणे की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं।
बताया गया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एकता अपने बेटे को लेकर इमारत की 18वीं मंजिल पर पहुंचीं। वहां कॉरिडोर में बने डक्ट से नीचे गिरने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कई साल से गंभीर बीमारी से परेशान थीं महिला
पुलिस को घटनास्थल से एकता द्वारा लिखा गया आठ पन्नों का पत्र मिला है। इसमें उन्होंने अपनी लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य समस्याओं और पारिवारिक परिस्थितियों के बारे में लिखा था। बताया गया है कि वह कई वर्षों से रीढ़ की हड्डी की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल पा रही थी।
पत्र में पति के भविष्य को लेकर भी लिखी बात
आठ पन्नों के पत्र में एकता ने अपनी मृत्यु के बाद पति के दोबारा विवाह करने और नई जिंदगी शुरू करने की इच्छा भी जाहिर की थी। उन्होंने अपने बेटे को लेकर भी कई बातें लिखी थीं। पुलिस के अनुसार, पत्र में उन्होंने इन्हीं पारिवारिक चिंताओं का जिक्र करते हुए अपने फैसले के बारे में बताया था।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
वाकड पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। पुलिस को मिले पत्र और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस से जुड़ी जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और घटना से संबंधित सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के निष्कर्षों के बाद ही होगी।



