CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

गाली​​​ देने का विरोध करना पड़ा भारी, छोटे गैस सिलेंडर से सिर कुचलकर 28 वर्षीय युवक की हत्या, दिव्यांग भाई का था इकलौता सहारा

गाली​​​ देने का विरोध करना पड़ा भारी, छोटे गैस सिलेंडर से सिर कुचलकर 28 वर्षीय युवक की हत्या, दिव्यांग भाई का था इकलौता सहारा

वाराणसी, उत्तर प्रदेश: मामूली विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया इलाके में 28 वर्षीय अंकित राजभर की पांच लीटर के छोटे घरेलू गैस सिलेंडर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गाली देने का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि हमलावरों ने अपने एक साथी को बुलाकर युवक पर सिलेंडर से कई वार किए और उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, किसान चौक कोनिया निवासी अंकित राजभर शनिवार रात खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान कोनिया घाट स्थित मौर्या किराना की दुकान के पास उसका सामना किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े से हो गया।

आरोप है कि किशन किसी बात को लेकर अंकित को गालियां देने लगा। अंकित ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद किशन ने अपने भाई अजय विश्वकर्मा को बुला लिया। दोनों ने पास में मौजूद पांच लीटर के छोटे गैस सिलेंडर से अंकित के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अंकित को मरा समझकर आरोपी मौके से भाग निकले।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अंकित को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।

दिव्यांग भाई का सहारा था अंकित

अंकित के परिवार की कहानी भी बेहद दुखद है। उसके पिता छुन्नी लाल और मां सरस्वती का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसका बड़ा भाई मोहन लाल है, जो दिव्यांग है। मोहन लाल की पत्नी रीना के मुताबिक, अंकित मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करने में मदद करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है।

पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की भी चर्चा

जिस जगह वारदात हुई, उसके पास ही गैस रिफिलिंग का काम होता है। स्थानीय लोगों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के मुताबिक, गाली देने का विरोध करने पर किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े ने अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर छोटे घरेलू सिलेंडर से हमला किया, जिससे अंकित की मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस के शुरुआती बयान पर आधारित है। हत्या के आरोपों और घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply