
जौनपुर, उत्तर प्रदेश: मुंबई से घर लौट रहे एक अधेड़ व्यक्ति को रास्ते में मदद के बहाने अपने साथ ले जाना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने पान खिलाने के बहाने उन्हें नशीला पदार्थ दे दिया। उनके बेहोश होने पर दो मोबाइल फोन और 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। काफी देर बाद जब पीड़ित को होश आया तो उन्होंने खुद को दूसरे जिले में पाया।
मामला मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र का है। सुजानगंज थाना क्षेत्र के खुजीडीह गांव निवासी कृष्णा राव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार को मुंबई से राजगीर ट्रेन से प्रयागराज के छिवकी स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वह मुंगराबादशाहपुर आए और थाने के सामने खड़े थे।
फोन मिलाने के बहाने शुरू हुई बातचीत
कृष्णा राव के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और फोन मिलाने के लिए कहा। उन्होंने अपने मोबाइल से उसे फोन मिला दिया। बातचीत के बाद युवक ने उन्हें नई बाजार छोड़ने की बात कही। इसके बाद वह उसे अपने साथ लेकर चका गोविंदासपुर पहुंच गए।
आरोप है कि वहां युवक ने पान खाने के बहाने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गए। इसी दौरान आरोपी उनके पास मौजूद सैमसंग और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
दूसरे जिले में आया होश
पीड़ित ने बताया कि जब उन्हें होश आया तो वह प्रतापगढ़ जिले के सुवंसा जगतपुर मोड़ पर पड़े थे। किसी तरह वहां से घर पहुंचे। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि इस घटना में प्रयागराज जिले के बहरिया थाना क्षेत्र के शैफखानपुर उर्फ चिल्हाराय निवासी राजेश कुमार गौतम का हाथ हो सकता है। उन्होंने आरोपी की बाइक का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कृष्णा राव ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष गजानंद चौबे के अनुसार, शिकायत मिली है और प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और पीड़ित की शिकायत पर आधारित है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।



