BusinessIndia

​JPMorgan Chase: न कोई हैकिंग हुई न साइबर हमला, फिर अमेरिका के बड़े बैंक में क्यों ठप हुई ऑनलाइन बैंकिंग?

सोमवार का दिन अमेरिका में बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले हजारों लोगों के लिए बड़ी परेशानी लेकर आया. जब लोगों ने अपने ऑनलाइन बैंक अकाउंट खोलने की कोशिश की, तो उन्हें निराशा हाथ लगी. अमेरिका के कई बड़े बैंकों के साथसाथ तुरंत पैसे ट्रांसफर करने वाली सर्विस ‘जेल’ पर भी लोगों को खासी दिक्कत हुई. इस पूरी समस्या की जड़ जेपी मॉर्गन चेज में आई एक तकनीकी खराबी थी. एक बैंक में आई इस दिक्कत का असर पूरे वित्तीय सिस्टम पर देखने को मिला.

​JPMorgan Chase: न कोई हैकिंग हुई न साइबर हमला, फिर अमेरिका के बड़े बैंक में क्यों ठप हुई ऑनलाइन बैंकिंग?

कई ग्राहकों को तो अपने फोन या कंप्यूटर स्क्रीन पर साफ मैसेज दिखाई दिया. इस मैसेज में लिखा था कि अभी कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं. बैंक उन पर काम कर रहा है, कृपया कुछ देर बाद दोबारा कोशिश करें. अचानक आई इस रुकावट से लोगों में घबराहट फैल गई.

साइबर अटैक नहीं, सॉफ्टवेयर बग से बिगड़ा काम

जब इतने बड़े स्तर पर बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं, तो लोगों के मन में साइबर हमले का डर बैठ गया. हालांकि, चेज बैंक ने सोमवार को ही साफ कर दिया कि ये तकनीकी समस्या किसी साइबर अटैक का नतीजा नहीं थी. बैंक ने भरोसा दिलाया कि सोमवार का दिन खत्म होने तक सभी बैंकिंग सेवाओं को वापस ऑनलाइन लाने के लिए काम किया जा रहा है.

बैंक के प्रवक्ता जो इवांजेलिस्टी ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया. उन्होंने बताया कि जेपी मॉर्गन चेज को अपने ऑनप्रिमाइस हार्डवेयर सिस्टम में एक सॉफ्टवेयर बग की वजह से अस्थायी दिक्कत का सामना करना पड़ा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका किसी भी तरह के साइबर हमले से कोई लेनादेना नहीं है.

दूसरे बैंकों के ग्राहकों पर क्यों पड़ा असर?

इस तकनीकी खराबी की सबसे खास बात ये रही कि दिक्कत सिर्फ चेज बैंक में थी, लेकिन परेशान दूसरे बैंकों के ग्राहक भी हुए. प्रवक्ता इवांजेलिस्टी ने अपने बयान में साफ किया कि ये केवल चेज बैंक से जुड़ी समस्या थी, पूरे बैंकिंग सिस्टम की खराबी नहीं थी.

दरअसल, सोमवार की ये दिक्कत मुख्य रूप से चेज के ग्राहकों या उन दूसरे बैंकों के ग्राहकों को हुई जो चेज के साथ लेनदेन करने की कोशिश कर रहे थे. बैंक ऑफ अमेरिका या सिटीग्रुप जैसे बड़े बैंकों की अपनी सेवाओं में कोई खराबी नहीं थी. इवांजेलिस्टी के मुताबिक, दूसरे बैंकों को लेनदेन में धीमेपन का सामना सिर्फ इसलिए करना पड़ा क्योंकि वे चेज बैंक के साथ जुड़े किसी ट्रांजेक्शन का हिस्सा थे.

यूएस बैंक के एक प्रवक्ता ने भी यही बात कही. उन्होंने बताया कि उनके सिस्टम पर सीधा असर नहीं पड़ा है. लेकिन जो ग्राहक किसी दूसरे वित्तीय संस्थान के साथ जेल के जरिए पैसे भेजने या पाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें देरी का सामना करना पड़ सकता है.

जेल नेटवर्क पर कैसे रुका पैसों का लेनदेन?

अमेरिका में जेल एक बेहद पॉपुलर पीयरटूपीयर पेमेंट सिस्टम है. देश के बड़े बैंक इसका इस्तेमाल करते हैं ताकि ग्राहक अपने दोस्तों या परिवार को लगभग तुरंत पैसे भेज सकें. इस सर्विस का मालिकाना हक एरिजोना की कंपनी ‘अर्ली वार्निंग सर्विसेज’ के पास है. इस कंपनी के मालिक खुद अमेरिका के बड़े वित्तीय संस्थान हैं. इनमें बैंक ऑफ अमेरिका, कैपिटल वन, जेपी मॉर्गन चेज, पीएनसी बैंक, ट्रुइस्ट, यूएस बैंक समेत वेल्स फार्गो शामिल हैं.

अर्ली वार्निंग सर्विसेज के प्रवक्ता ने साफ किया कि जेल का अपना नेटवर्क पूरी तरह से काम कर रहा था. उन्होंने बताया कि वित्तीय संस्थानों के स्तर पर आई किसी खराबी की वजह से कुछ ग्राहकों के जेल पेमेंट में देरी हो रही है. यानी ऐप सही था, लेकिन बैंक के सर्वर से कनेक्शन टूटने के कारण पैसा अटक रहा था.

अमेरिका में लगातार ठप हो रहे बड़े सिस्टम

जेपी मॉर्गन चेज में आई ये रुकावट ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ दिन पहले ही अमेरिका की अर्थव्यवस्था के अन्य हिस्सों को भी तकनीकी परेशानियों ने घेरा था. बीते गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट में एक बड़ा आउटेज हुआ था. इसने आउटलुक, टीम्स के साथसाथ एआई असिस्टेंट कोपायलट जैसी सेवाओं को प्रभावित किया था.

इसके ठीक बाद शुक्रवार को देश के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में खराबी आ गई. इस वजह से पूरे अमेरिका में कई घंटों के लिए सभी उड़ानें जमीन पर ही रोक दी गईं. इसका असर ये हुआ कि पूरे वीकेंड पर देश भर में हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित रही. वहीं सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी जानकारी दी कि उसने अपने इंटरनल सिस्टम के आउटेज को ठीक कर लिया है. इस खराबी की वजह से उड़ानों के रवाना होने में देरी हुई थी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply