IndiaTrendingUttar Pradesh

इंस्टाग्राम की एक फोटो और बिछ गई लाश, दूसरे धर्म की लड़की के साथ तस्वीर पोस्ट करने पर युवक का मर्डर

शाहजहांपुर : सोशल मीडिया का शौक कब किसी की जान का दुश्मन बन जाए, यह कहना मुश्किल है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर डाली गई महज एक तस्वीर ने एक हंसतेखेलते नौजवान की जिंदगी छीन ली। दूसरे धर्म की लड़की के साथ सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने की कीमत 22 साल के एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लड़की के चचेरे भाई ने इस कदर खौफनाक साजिश रची कि युवक को चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, कातिल को भी पुलिस ने उसके किए की सजा तुरंत दे दी है।

इंस्टाग्राम की एक फोटो और बिछ गई लाश, दूसरे धर्म की लड़की के साथ तस्वीर पोस्ट करने पर युवक का मर्डर

खेत से लौटते वक्त घात लगाकर किया खूनी हमला

दिल दहला देने वाली यह वारदात कांट थाना क्षेत्र के कमाललेनपुर गांव की है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के मुताबिक, 22 वर्षीय गौतम मौर्य पेशे से साइकिल मैकेनिक था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे जब गौतम अपने खेतों से काम निपटाकर वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 19 वर्षीय समीर अली और उसके साथियों ने उस पर अचानक धावा बोल दिया। समीर ने धारदार हथियार से गौतम पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इस खूनी हमले में गौतम बुरी तरह लहूलुहान हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीखपुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां दौड़े और उन्होंने आरोपी समीर को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।

‘मेरी बहन के साथ गलत किया…’, वायरल हुआ कातिल का कबूलनामा

इस नृशंस हत्याकांड की जड़ एक इंस्टाग्राम पोस्ट में छिपी थी। पूछताछ के दौरान आरोपी समीर ने पुलिस के सामने खुलासा किया कि गौतम ने 12 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की थी। इस तस्वीर में गौतम समीर की चचेरी बहन के साथ नजर आ रहा था। बहन की फोटो किसी गैरमजहब के लड़के के साथ देखकर समीर आगबबूला हो गया था और उसने तभी मौत की खौफनाक पटकथा लिख दी थी। इस बीच सोशल मीडिया पर आरोपी का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने पर समीर बेखौफ होकर यह कहता सुनाई दे रहा है कि ‘गौतम ने मेरी बहन के साथ कुछ गलत किया था, इसलिए हां मैंने उसे मार डाला।’

पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश, एनकाउंटर में लगी गोली

हत्या के अगले दिन शनिवार सुबह जब पुलिस आरोपी समीर को आलाकत्ल बरामद करने के लिए खेतों में लेकर गई, तो उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की दुस्साहसिक कोशिश की। एसपी ने बताया कि समीर ने मौके से फेंका हुआ अपना चाकू वापस उठाया और साथ चल रहे एक कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर वहां से फरार होने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी समीर के दाहिने पैर में जा लगी। फिलहाल घायल कातिल को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल उसके तीन अन्य साथियों को भी हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply