
Najibabad, Bijnor : नजीबाबाद मंडावली थाना क्षेत्र से पुलिस हिरासत से फरार हुए किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
नजीबाबाद की क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम ने बताया कि मंडावली थाना क्षेत्र के ननिहाल गांव की एक किशोरी कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। किशोरी के परिजनों ने हरिद्वार, उत्तराखंड के लक्सर थाना क्षेत्र के भोगपुर निवासी नितिन कश्यप के खिलाफ मंडावली थाने में मुकदमा संख्या 75/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने किशोरी को बरामद कर अदालत में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा था। इसी दौरान आरोपी नितिन कश्यप को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। बृहस्पतिवार को आरोपी पुलिस को चकमा देकर मंडावली थाने से फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
मंडावली थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को फरार आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मंडावली थाना प्रभारी राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
सीओ आकांक्षा गौतम ने बताया कि पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



