
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसे बंधक बनाकर 13 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया। न्याय की मांग को लेकर पीड़िता पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र सौंपा।
अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, उसका पति नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और वह भी कुछ समय तक उनके साथ वहीं रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने विश्वास में लेकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में महिला अपने गांव लौट आई, लेकिन आरोपी कथित तौर पर उन्हीं फोटो और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करने लगा।
कार में बैठाकर ले जाने का आरोप
महिला का आरोप है कि 28 जून को आरोपी ने फोन कर धमकी दी कि यदि वह उसके साथ नहीं गई तो उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बदनामी के डर से वह उसके साथ चली गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी अपने बहनोई के साथ कार से आया था और रास्ते में उसके आभूषण भी उतरवा लिए गए।
13 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का दावा
पीड़िता का आरोप है कि उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया, जहां पहले दो लोगों ने और बाद में आरोपी के अन्य साथियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि उसे 13 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और लगातार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और पूरी घटना अपने पति को बताई।
पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिला ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकती है।
सरेआम गुंडागर्दी से कांप उठा मैनपुरी: राजस्व टीम पर खूनी हमला, जान बचाने के लिए खेतों में भागे सरकारी अफसर
पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
इस मामले में बेवर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



