BiharCrimeIndiaTrending

‘आरोपी अस्पताल में ठीक, कोर्ट में लंगड़ाने लगे; विकास शर्मा शराब तस्कर, साथ में चाय-राशन दुकानदार.

‘आरोपी अस्पताल में ठीक, कोर्ट में लंगड़ाने लगे; विकास शर्मा शराब तस्कर, साथ में चाय-राशन दुकानदार.

बिहार के समस्तीपुर जिले में बीच सड़क लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार चारों आरोपी अस्पताल में ठीक से चलते नजर आए। मगर जब पुलिस उन्हें कोर्ट लेकर पहुंची तो वे लंगड़ाकर चले। मुख्य आरोपी विकास शर्मा शराब तस्करी में पहले भी जेल जा चुका है।

अविनाश कुमार, समस्तीपुर। जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में लड़की से बीच सड़क बदसलूकी के चर्चित मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को जब कोर्ट में पेश किया गया, तब वे लंगड़ाते दिखे। कोर्ट परिसर में वे पुलिसकर्मियों के कंधों के सहारे मुश्किल से चलते नजर आए। इससे पहले जब पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई, तो वहां से निकलते समय चारों आरोपी सामान्य रूप से चल रहे थे। अदालत ने चारों को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

समस्तीपुर कांड का मुख्य आरोपी विकास शर्मा शराब तस्कर है। वह कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार विकास अवैध शराब के दर्जनों मामले में कई बार जेल जा चुका है।

पुराने केस में फरार था राहुल

इस केस का दूसरा आरोपी दूसरा आरोपी राहुल पासवान भी जगतसिंहपुर गांव रहने वाला है। वह भी मद्य निषेध अधिनियम के मामलों में फरार चल रहा था।

रामबाबू और अवधेश दुकानदार

तीसरा आरोपी रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव में ही चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। चौथा आरोपी अवधेश पासवान बिजौलिया का रहने वाला है। वह बिजौलिया गांव में राशन (पीडीएस) दुकान चलाता है।

वार्ड सदस्य को पुलिस ने छोड़ा

पुलिस ने वायरल वीडियो में नजर आ रहे स्थानीय वार्ड सदस्य दिलीप राम को भी पूछताछ के लिए उठाया था। हालांकि, उसकी मामले में प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आने के बाद उसे रिहा कर दिया।

पूछताछ को ले गई पुलिस, फिर लंगड़ाने लगे आरोपी

बताया जा रहा है कि गुरुवार को चारों आरोपियों (विकास, राहुल, रामबाबू और अवधेश) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस जब सभी आरोपियों को कोर्ट पेश करने के लिए लेकर पहुंची, तब वे लंगड़ाते हुए दिखाई दिए।

कान पकड़ माफी मांगी

कोर्ट परिसर में कुछ आरोपियों ने कान पकड़कर माफी मांगी। वे दोबारा गलती नहीं करने की बात कहते भी नजर आए। अदालत ने सभी आरोपियों को 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

आरोपी के मोबाइल से पुलिस को मिला मूल वीडियो

किशोरी के साथ सरेआम बदसलूकी का जो वीडियो वायरल हुआ उसमें आरोपी अभद्रता, गाली-गलौज करते नजर आए। बुधवार देर शाम को यह वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार एक आरोपी के मोबाइल से मूल वीडियो भी बरामद हुआ है। उसने किसी को अपने फोन से यह वीडियो भेजा था, जहां से वो वायरल हो गया।

दिनदहाडे़ हुई बदसलूकी

वायरल वीडियो में भी दिख रहा है सड़क किनारे फोटो ले रही एक युवती को शोहदों ने घेर लिया। उसके साथ गाली-गलौज एवं अभद्रता की गई। इस दौरान आरोपी हंसते रहे। घटनास्थल पर कुछ लोग मौजूद दिखे, पर कोई बचाने को आगे नहीं आए। युवती लगातार युवकों का विरोध करती नजर आई। इसके बावजूद आरोपी उससे उलझते और उसका पीछा करते दिखे।

सुनसान सड़क पर पहले भी हुई घटनाएं

पीड़िता के साथ यह घटना कर्पूरीग्राम के जगतसिंहपुर गांव के पास सड़क पर हुई। घटनास्थल से 150 मीटर की दूरी पर बस्ती है, जबकि थाना 9 किलोमीटर दूर है। यह बूढ़ी गंडक नदी के किनारे का सुनसान इलाका है। सड़क पर आवाजाही भी कम होती है। बताया जा रहा है कि पहले भी इस सड़क पर ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस तक मामले नहीं पहुंचने से पुष्टि नहीं हो पाई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply