
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र और एनसीसी कैडेट एलसीपीएल प्रशांत यादव ने आईजीसी टीएससी थल सेना कैंप2026 में शानदार प्रदर्शन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन की बदौलत लखनऊ ग्रुप ने करीब तीन दशक बाद ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।
720 से अधिक कैडेटों के बीच शानदार प्रदर्शन
प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के 11 एनसीसी ग्रुपों से चयनित 720 से अधिक कैडेटों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एलसीपीएल प्रशांत यादव ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए यूपी निदेशालय में पहला स्थान हासिल किया।
प्रशांत की इस सफलता का असर लखनऊ ग्रुप के प्रदर्शन पर भी पड़ा और ग्रुप ने 30 वर्षों के बाद ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। एनसीसी क्षेत्र में इसे लखनऊ ग्रुप के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कुलपति ने दी बधाई
भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने प्रशांत यादव की सफलता पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशांत की उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशांत भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय, लखनऊ ग्रुप और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रसेवा और अनुशासन की मिसाल
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शचीन्द्र शेखर ने कहा कि यह उपलब्धि प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का उदाहरण है। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. बुशरा अलवेरा और बीटेक विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन मिश्रा ने भी प्रशांत यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी तथा एनसीसी से जुड़ने के प्रति छात्रों का उत्साह बढ़ाएगी।
ः



