Satya Report: केरल के इडुक्की जिले के एक छोटे से गांव पचड़ी में 54 वर्षीय रेजी पोन्नूट्टिल अपने 43 वर्षीय छोटे भाई साजी पोन्नूट्टिल और 71 वर्षीय बीमार मां मैरी के साथ रहते थे। 2018 में पिता मैथ्यू के लापता होने के बाद रेजी की परिवार के अधिकतर कामकाज और लेनदेन को संभालते आ रहे थे। पर इस महीने की शुरुआत में गांव के एक ऑटोरिक्शा चालक ने अचानक बदलाव देखा। साजी ने वे सारे काम करने शुरू कर दिए जो आमतौर पर रेजी किया करता था।

आटो चालक ने नोटिस किया कि रेजी खुद अप्रैल के पहले हफ्ते से ही बाहर दिखाई नहीं दिया। ऑटो चालक की यह बात बेचैन करने लगी और उसने यह बात रेजी के एक रिश्तेदार को बताई, जो पुलिस तक पहुंच गई।
गोबर के गड्ढे में मिले शव
सोमवार को रेजी के घर की तलाशी ले रहे अधिकारियों को पिछले हिस्से में बने गोबर के गड्ढे में रेजी और मैरी के सड़ेगले शव मिला। मंगलवार को पुलिस ने इन हत्याओं के आरोप में साजी को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ता अब इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या आठ साल पहले अपने पिता के लापता होने में भी उसकी कोई भूमिका थी।
जमीन के बंटवारे का था विवाद
इडुक्की जिले के एसपी साबू मैथ्यू ने कहा, “दोनों भाइयों के बीच एक एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद था। साजी को भी यह लगता था कि रेजी उसकी शादी में रुकावट डाल रहा है।” आगे अधिकारी ने कहा, साजी इस बात से भी नाराज था कि रेजी कथित तौर उसे चिढ़ाता था और मातापिता बनने से जुड़े मामलों पर उससे सवाल करता था।” स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों भाई कुवांरे थे और साजी जल्द ही शादी करने की योजना बना रहा था।
एसपी ने कहा कि मामले में कोई चश्मदीद गवाह नहीं है। हम अधिक पूछताछ के लिए आरोपी की हिरासत मांगेंगे इन हत्याओं के मद्देनजर पिता के लापता होने के मामले की भी जांच की जा रही है।
हत्या की सही तारीख का पता नहीं
पुलिस के मुताबिक, ये हत्याएं अप्रैल के पहले हफ्ते में हुई है, हालांकि हत्या की सही तारीख अभी पता नहीं चल सकी है। केरल विधानसभा चुनाव के लिए वोट मांगने आए स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने मैरी और रेजी को देखा था, लेकिन 9 अप्रैल को जिस दिन वोटिंग थी, सिर्फ साजी ही वोट डालने पहुंचा।
शराब के नशे में किया झगड़ा
पुलिस ने कहा, “जिस दिन हत्या हुई, उस दिन साजी ने शराब के नशे में रेजी से झगड़ा किया। झगड़े के दौरान ही साजी ने अपने भाई पर हमला किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी मां पर हमला किया, और उनका सिर बारबार दीवार से टकराया, जिससे वह बेहोश हो गईं।”
कथित तौर पर साजी ने शवों को पूरी रात घर के अंदर ही रखा और उन्हें एक चादर से ढक दिया। अगले दिन उन्हें घसीटकर एक गड्ढे तक ले गया और उनमें डाल दिया। इसके बाद उस जगह पर मिट्टी और गोबर डाल दी। परिवार के पास एक कुत्ता भी है, पुलिस ने दावा किया कि साजी ने उसे गड्ढे के पास एक खंभे से बांध दिया था, ताकि लोग वहां न आ सकें।
साजी और रेजी के पिता मैथ्यू एक पादरी थे, जो 2018 में लापता हो गए थे। एक गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ पाई थी।
बहन ने दर्ज कराई एफआईआर
रेजी ने नेडुमकांडम में लाइट और साउंड उपकरण किराए पर देने वाली एक एजेंसी के साथ काम किया। साजी कभीकभार खेतीबाड़ी का काम करता था। उनकी बहन सिनी शादीशुदा है और अनाक्कारा में रहती है। पड़ोसियों ने बताया कि यह परिवार लोगों से कम ही मिलताजुलता था।
सिनी ने बताया कि साजी शराब पीने के बाद लंबे समय से बुरा बर्ताव करता आ रहा है। उन्होंने कहा, “पिछले साल जब मैंने उसके बर्ताव पर सवाल उठाया तो उसने मुझे धमकी दी कि अगर मां घर वापस आई तो वह मुझे जान से मार देगा। उसके बाद मैंने वहां जाना बंद कर दिया, लेकिन पड़ोस के लोगों से बातचीत करती रही।” सिनी ने कहा कि साजी उनकी मां के साथ बुरा बर्ताव करता था।
उन्होंने बताया कि ऑटो रिक्शा ड्राइवर की बातों से ही घटनाओं का यह सिलसिला शुरू हुआ। सिनी ने कहा, “ऑटो रिक्शा ड्राइवर ने देखा कि साजी इलायची बेचने के लिए जा रहा था, जो काम आमतौर पर रेजी करता था। उसे यह भी लगा कि रेजी ने उसे दो हफ्ते से फोन नहीं किया, यहां तक कि हमारी मां को नेडुमकंडम के अस्पताल लेने के लिए भी उसने फोन नहीं किया। उसने एक रिश्तेदार को यह बात बताई, जिसने मुझे फोन किया। जब साजी से मैंने पूछा तो वह साफ नहीं बता सका कि मां कहां है। उसने दावा किया कि वह थेनी के एक मेडिकल कॉलेज गई हुई है। मुझे एहसास हो गया कि वह झूठ बोल रहा है। रविवार को हमने नेडुमकंडम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।”
अगले दिन पुलिस ने घर की तलाशी ली और शवों को जमीन से बाहर निकाला। साजी वहां से भाग गया और रात भर पास के एक इलायची के बागान में छिपा रहा। हालांकि मंगलवार को जब पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और तमिलनाडु की ओर जाने वाले सीमा चौकियों को सतर्क कर दिया तो साजी गांव के एक स्थानीय दुकान पहुंचा और कथित तौर पर अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसे हिरासत में लिया गया है।
वोट डालने भी गया था आरोपी
पंचायत सदस्य मनु जोसेफ ने बताया, “9 अप्रैल को साजी कुछ समय के लिए पोलिंग बूथ पर आया था, उसके शरीर पर पट्टी बंधी हुई थी और जब लोगों ने पूछा तो कहा कि वह वॉशरूम में गिर गया था।”
एक और निवासी लिनिमोल जोसेफ ने कहा कि साजी ने पड़ोसियों से कहा था कि 30 अप्रैल को नेदुमकंडम के एक चर्च में उसकी शादी होने वाली है। उन्होंने कहा, “उसने लोगों को यह कहकर बुलाया था कि वह कई सालों से लड़की से प्यार कर रहा है और उसके बड़े भाई ने इस शादी के लिए हामी भरी है। कुछ दिन पहले उसने कहा कि शादी टल गई है।”
पिता के लापता मामले की भी होगी जांच
पुलिस अब इस दोहरे हत्याकांड के बाद मैथ्यू के लापता होने के मामले को फिर से खंगाल रही है। सिनी ने कहा कि उसे वह दिन याद है जब उसके पिता लापता हुए थे। उसने कहा, “वह अक्सर धार्मिक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए यात्रा करते थे 2018 में एक दिन उन्होंने मां को कहा कि वह नेदुमकंडम जा रहे हैं। बस पकड़ने की जल्दबाजी में वह अपना फोन भूल गए। तब से हमें उनकी कोई खबर नहीं मिली है। हमें उम्मीद है कि इस मामले से आखिरकार हमें अपने सवालों के जवाब मिल जाएंगे।”



