CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

सिंगरौली बैंक डकैती के बाद पुलिस का हाई अलर्ट; DGP मौके पर पहुंचे, 5 बदमाश करोड़ों का सोना और कैश लेकर फरार

 मध्यप्रदेश के सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बड़ी डकैती से सनसनी फैल गई. पांच हथियारबंद बदमाश 6–7 किलो सोना और करीब 20 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए. बदमाशों ने मैनेजर से मारपीट और हवाई फायरिंग की. घटना के बाद डीजीपी सिंगरौली पहुंचे, जांच तेज कर दी गई है. पढ़िए पूरी खबर.
 मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी बैंक डकैती ने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बैढ़न इलाके में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में घुसकर करोड़ों रुपये के सोने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के वक्त बैंक का सुरक्षा गार्ड मौके पर मौजूद नहीं था. इस चूक का फायदा उठाकर बदमाश महज 15 से 20 मिनट में घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पूरा पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खुद संज्ञान लिया, वहीं डीजीपी के निर्देश पर प्रदेश के शीर्ष पुलिस अधिकारी सिंगरौली पहुंचे और जांच को तेज किया गया है.
Latest and Breaking News on NDTV

दिनदहाड़े बैंक में घुसे 5 हथियारबंद बदमाश

यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 से 1 बजे के बीच हुई, जब बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में सामान्य लेन-देन चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दो बदमाश बैंक में दाखिल हुए और कुछ ही पलों में उनके तीन अन्य साथी भी हथियार लहराते हुए अंदर घुस आए. अचानक हुई इस घटना से बैंक में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने सभी को बंदूक की नोक पर ले लिया.

मैनेजर से मारपीट, हवाई फायरिंग से मची दहशत

बदमाशों ने बैंक पर कब्जा करते ही दहशत फैलाने के लिए आक्रामक रुख अपनाया. जब बैंक मैनेजर ने लुटेरों का विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. पुलिस के अनुसार मैनेजर के सिर पर बंदूक की बट से वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद बदमाशों ने बैंक के अंदर और बाहर हवाई फायरिंग भी की, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए और जान बचाने के लिए जमीन पर लेट गए.

लॉकर तोड़कर सोना‑कैश समेटा

डकैत सीधे बैंक के लॉकर सेक्शन की ओर बढ़े. बताया जा रहा है कि बदमाश पूरी योजना के साथ आए थे. उनके पास पिट्ठू बैग और कपड़े के बड़े थैले थे. बदमाशों ने बैंक स्टाफ को धमकाकर लॉकर खुलवाए और उसमें रखे ग्राहकों के सोने-चांदी के जेवर निकाल लिए. यह सोना गोल्ड लोन के तहत ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया था. इसके साथ ही बदमाशों ने कैश काउंटर से नकदी भी समेट ली.

 

Latest and Breaking News on NDTV

करीब 6 करोड़ का सोना, 20 लाख कैश लूटकर फरार

प्रारंभिक आकलन के अनुसार बदमाश करीब 6 से 7 किलो सोना और लगभग 20 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं. बाजार कीमत के हिसाब से लूटे गए सोने की कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैश में बैंक का पुराना लगभग 14.50 लाख रुपये और उसी दिन का कलेक्शन शामिल है. पूरी वारदात महज 15–20 मिनट में अंजाम दी गई.

दो बाइकों से भागे बदमाश, CCTV में कैद

वारदात के बाद बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए. बैंक के सामने स्थित एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन आरोपी बैंक से निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं. फुटेज में दिख रहा है कि एक बदमाश पहले बाहर निकलकर बाइक पर इंतजार करता है, फिर दो अन्य आरोपी झोला लेकर दौड़ते हुए बाहर आते हैं और तीनों एक ही बाइक पर बैठकर बैढ़न शहर की ओर निकल जाते हैं. पुलिस को आशंका है कि बाकी साथी दूसरी बाइक से भागे.

सुरक्षा गार्ड की गैरमौजूदगी बनी बड़ा सवाल

इस पूरी घटना में सबसे बड़ा और गंभीर सवाल बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है. जानकारी के मुताबिक वारदात के समय बैंक का सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर मौजूद नहीं था. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गार्ड कहां गया था और यह लापरवाही थी या किसी साजिश का हिस्सा. बैंक प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी चूक कैसे हुई.

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही सिंगरौली एसपी मनीष खत्री भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बैंक परिसर को सील कर दिया गया और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए. जिले के सभी एग्जिट पॉइंट्स पर नाकेबंदी कर दी गई है और आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है.

“गंभीर और सुनियोजित वारदात” : डीजीपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर रात करीब 10:45 बजे पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सिंगरौली पहुंचे. इससे पहले रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे भी मौके पर पहुंचे थे. शीर्ष अधिकारियों ने बैंक परिसर का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए. डीजीपी कैलाश मकवाना ने इसे गंभीर और सुनियोजित अपराध बताते हुए कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने निर्देश दिए कि जांच बहुस्तरीय तरीके से की जाए और सभी तकनीकी व मानवीय संसाधनों का इस्तेमाल कर बदमाशों को जल्द पकड़ा जाए.

दहशत में शहर, सुरक्षा पर उठे सवाल

दिनदहाड़े हुई इस डकैती के बाद सिंगरौली में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. लोगों ने मांग की है कि बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए. फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply