
महाराष्ट्र के सांगली जिले में 19 वर्षीय युवक की कथित आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. इस घटना के बाद युवक की मां ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे पर धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अब तक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी साहिल राजू बागवान को गिरफ्तार किया जा चुका है.
वहीं, जांच के दौरान जिस लड़की के साथ युवक की चैटिंग सामने आई है, उसकी उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है. चूंकि वह नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है.जांच एजेंसियां युवक के मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आत्महत्या से पहले किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.
मृतक की मां की तहरीर पर शिकायत दर्ज
फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्मांतरण के दबाव संबंधी आरोपों की भी जांच की जा रही है. अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.पुलिस निरीक्षक अरुण सुगांवकर ने बताया कि दर्ज मामले में मृतक की मां भारती शेवाले की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है.
आरोपियों ने धर्मांतरण का बनाया था दबाव
यह केस दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया है जिनमें से एक आरोपी का नाम साहिल बागवान है. मृतक के साथ आरोपी के चैट मिले है. जिसमें उन्होंने मृतक को उनके धर्म में आने के लिए कहा, जांच जारी है. कुल दो आरोपी हैं, एक महिला है. दोनों आरोपियों पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है. दोनों के फोन की जांच की जा रही है. इस मामले में पुलिस सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बेटे की मौत पर छलका मां का दर्द
भारती शेवाले, मृतक की मां ने बताया कि मेरा बेटा मुस्लिम लड़की के प्रेम में पड़ गया. उसकी उम्र 19 साल थी. उस पर साहिल बागवान और लड़की ने धर्मांतरण करने का दबाव बनाया. मेरा बेटा 23 तारीख को पुणे से घर आया था. बाद में वह अपने बेडरूम में गया. किसी का फोन आया था उसे और फिर उसने आत्महत्या कर ली. मेरा यही कहना कि मेरे बेटे को न्याय मिले. मेरा एक ही बेटा था.
नासिक का टीसीएस ऑफिस में धर्मांतरण केस
वहीं अभी हाल में ही महाराष्ट्र के नासिक में टीसीएस (TCS) कार्यालय में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण का एक बड़ा मामला सामने आया था, जिसकी जांच SIT द्वारा की जा रही है. जांच में आरोप लगाया गया है कि कुछ मुस्लिम कर्मचारियों और एचआर (HR) द्वारा हिंदू कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था. इस मामले में महिला कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया जाता था, नमाज पढ़ने की ट्रेनिंग दी जाती थी और बुर्का पहनने का दबाव बनाया जाता था. एसआईटी ने मामले की जांच करते हुए मुख्य आरोपी और एचआर मैनेजर निदा खान सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है.पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नासिक कोर्ट में 1500 पन्नों की चार्जशीट भी दाखिल कर दी है.
शामली में आयुष मलिक का धर्मांतरण, फिर घर वापसी
उत्तर प्रदेश के शामली में चर्चित आयुष मलिक धर्मांतरण मामला सामने आया था जहां आयुष ने एक मुस्लिम युवती से विवाह के लिए इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था और अपना नाम मोहम्मद अली नाम रख लिया था. कुछ ही दिनों के बाद आयुष मलिक ने दोबारा सनातन धर्म में वापसी की थी और उसके बाद वीडियो जारी करके इस बात का ऐलान भी किया था. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.



