
पटना: फुलवारी शरीफ में हुए गोलीकांड के बाद एम्स ट्रामा सेंटर के बाहर का माहौल बेहद भावुक हो गया। गोली लगने से राज आर्या की मौत के बाद उनकी पत्नी श्रुति कुमारी सदमे में बदहवास नजर आईं। पति की मौत की खबर सुनकर वह बार-बार बेहोश हो रही थीं और होश में आते ही उन्हें देखने की जिद कर रही थीं।
महिला आरक्षी श्रुति के कपड़ों पर पति का खून लगा हुआ था और उनकी आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे। साथ मौजूद सहयोगी उन्हें संभालने की कोशिश कर रही थीं। कभी वह बेसुध होकर गिर जातीं तो कभी होश में आते ही पति को बुलाने लगतीं। उनकी हालत देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी लगातार उनकी निगरानी कर रहे थे।
इसी दौरान डीएसपी भी एम्स पहुंचीं और श्रुति से घटना के बारे में जानकारी ली। लेकिन पति को खोने का सदमा इतना गहरा था कि वह खुद को संभाल नहीं पा रही थीं।
दूसरी ओर ट्रामा सेंटर के अंदर राज आर्या का शव रखा था। बेटे की मौत से उनके पिता भी बुरी तरह टूट चुके थे। वह बार-बार मोबाइल निकालकर रिश्तेदारों और परिचितों को फोन कर रहे थे और उन्हें बेटे की मौत की जानकारी दे रहे थे। फोन पर यह दुखद खबर बताते-बताते उनकी आवाज भी भर्रा जा रही थी।
जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर रिश्तेदार और परिचित भी एम्स पहुंचने लगे। एक तरफ पत्नी अपने पति को आखिरी बार देखने के लिए बेचैन थी, वहीं दूसरी तरफ पिता अपने बेटे को खोने के गम में लोगों को उसकी मौत की खबर दे रहे थे। एम्स परिसर का यह माहौल घटना की गंभीरता को बयां कर रहा था।
इस गोलीकांड ने पुलिस के सामने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर गोली चलने की वजह क्या थी और घटना के समय पूरा घटनाक्रम किस तरह हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना से जुड़े साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।



