
अमेरिका के मैरीलैंड में हैदराबाद निवासी निकिता गोडिशाला की हत्या का आरोपित अर्जुन शर्मा अपने ही बुने झूठ के जाल में फंस गया था। उसने पूर्व महिला मित्र निकिता के एक जनवरी 2026 की सुबह सात बजे फ्लैट से जाने की रिपोर्ट मैरीलैंड के संबंधित थाने में दर्ज कराई थी। मगर, जांच में सामने आया कि एक घंटे बाद उसके खाते में निकिता के मोबाइल से हस्तांतरित किए गए थे।
इस एक तथ्य के सामने आने के बाद वह अमेरिकी पुलिस के रडार पर आया था। अर्जुन की मां फतेहाबाद रोड स्थित नामचीन सोसाइटी में दो वर्ष से रह रही थीं। आरोपित दो सप्ताह पहले ही मां के पास आया था। तेलंगाना पुलिस उसे कई महीने से तलाश रही थी। मंगलवार को उसे गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई।
अमेरिका के मैरीलैंड में 27 वर्षीय निकिता गोडिशाला की हत्या के आरोपित अर्जुन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना पुलिस इंटरपोल नोटिस के बाद सक्रिय हुई थी। आगरा पुलिस से संपर्क के बाद थाना एकता स्थित नामचीन सोसाइद्यटी दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अर्जुन शर्मा और निकिता गोडिशाला पहले लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुके थे।
दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद भी चल रहा था। घटना 30 दिसंबर 2025 से एक जनवरी 2026 की रात की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अर्जुन ने निकिता को अपने फ्लैट पर पार्टी के लिए बुलाया था। इसी दौरान उसने निकिता से पहले दिए गए करीब साढ़े चार हजार डाॅलर वापस मांगे। निकिता ने अपनी चचेरी बहन सरस्वती से संपर्क किया।
सरस्वती ने सीधे अर्जुन को पैसे देने के बजाय रकम निकिता के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद अर्जुन के फ्लैट पर पार्टी हुई। यह वही रात थी, जब दुनिया नए साल 2026 के स्वागत का जश्न मना रही थी। वहीं,अर्जुन शर्मा का दिमाग खाैफनाक साजिश रच रहा था।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अर्जुन ने अमेरिका के हरवर्ड काउंटी पुलिस थाने में निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
उसने पुलिस को बताया कि निकिता सुबह करीब सात बजे उसके फ्लैट से चली गई थी। मगर, जांच के दौरान सामने आए इलेक्ट्रानिक साक्ष्य ने अर्जुन शर्मा के इस दावे पर प्रश्न खड़े कर दिए। अर्जुन ने निकिता के मोबाइल से पैसे अपने अकाउंट में ट्रांसफर किए जो तहरीर के बाद का समय निकला।
निकिता के कथित तौर पर सुबह सात बजे फ्लैट से जाने के करीब एक घंटे बाद उसके मोबाइल फोन से अर्जुन के बैंक खाते में डाॅलर ट्रांसफर किए गए। जिससे अमेरिकी पुलिस को शक हुआ कि गुमशुदगी की कहानी के पीछे कुछ और है। इसके बाद मामला हत्या की जांच में बदल गया और अर्जुन को आरोपी बनाया गया। निकिता की हत्या के बाद अर्जुन अमेरिका से भारत आ गया था।
अमेरिका ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इंटरपोल नोटिस के बाद उसकी तलाश तेज हुई और तेलंगाना पुलिस मंगलवार को उसे गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। इस दौरान
पढ़ाई और अमेरिका जाने की कहानी
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अर्जुन शर्मा ने चेन्नई के गोपालापुरम स्थित डीएवी स्कूल से 10वीं और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। जिसके बाद उसने एसआरएम यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया। वह 21 वर्ष की आयु वर्ष 2021-22 के दौरान उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गया था।
उसने वाशिंगटन डीसी और बाल्टीमोर क्षेत्र में प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग में परास्नातक किया। वर्ष 2023 में उसे अमेरिका में नौकरी मिल गई। वहां लगभग ढाई वर्ष से रह रहा था।
शादी के छह वर्ष बाद माता-पिता में हो गया था तलाक
जांच में सामने आया कि अर्जुन की मां की शादी वर्ष 1998 में हुई थी। पांच वर्ष बाद वर्ष 2004 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद मां अर्जुन को लेकर अलग हो गईं। परिवार मूलरूप से चेन्नई का रहने वाला है। पिता वर्तमान में चेन्नई में रहकर ऑयल ड्रिलिंग का कारोबार करते हैं।
प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
अर्जुन शर्मा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किए जाने के बाद अमेरिका भेजने के लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस पूरे मामले में इलेक्ट्रानिक साक्ष्य, बैंक खाते का लेनदेन एवं अर्जुन के पुलिस को दिए गए कथित बयान के बीच सामने आए विरोधाभास जांच की अहम कड़ियां माने जा रहे हैं।



