मुंबई : थिएटर में कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ने के बाद, आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी तबाही मचा रही है। 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी और दुनियाभर में 1800 करोड़ से ज्यादा का छप्परफाड़ बिजनेस करने वाली इस फिल्म ने ग्लोबल लेवल पर भारतीय सिनेमा का डंका बजा दिया है। फिल्म की इस अभूतपूर्व सफलता को देखकर नेटफ्लिक्स के कोसीईओ टेड सारंडोस भी खुद को इसकी तारीफ करने से नहीं रोक पाए हैं। उन्होंने इस बात पर मुहर लगा दी है कि ‘धुरंधर’ की लोकप्रियता सिर्फ सिनेमाघरों या भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने पूरी दुनिया के दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया है।

दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉनइंग्लिश फिल्म
नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद ‘धुरंधर’ को ऐसा शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जिसने विदेशी मेकर्स के भी होश उड़ा दिए हैं। टेड सारंडोस ने हाल ही में खुलासा किया कि यह फिल्म प्लेटफॉर्म पर दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली ‘नॉनइंग्लिश’ फिल्म बन गई है। व्यूअरशिप के मामले में इस भारतीय फिल्म ने कई बड़ी हॉलीवुड और अंग्रेजी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। इसे देखने वालों की तादाद इतनी ज्यादा है कि आंकड़ों के मामले में सिर्फ अमेरिका और ब्रिटेन ही इससे आगे हैं। अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और संजय दत्त जैसे दिग्गजों से सजी इस फिल्म का जादू हर भाषा के दर्शक के सिर चढ़कर बोल रहा है।
‘स्क्विड गेम’ से हो रही तुलना पर CEO का बड़ा बयान
अक्सर यह सवाल उठाया जाता था कि भारत से कोरियाई सीरीज ‘स्क्विड गेम’ या स्पेनिश शो ‘मनी हाइस्ट’ जैसी कोई ग्लोबल हिट वेब सीरीज या फिल्म कब निकलेगी। इस पर सारंडोस ने बेहद दिलचस्प जवाब देते हुए कहा कि भारत पहले से ही ऐसा बेहतरीन कंटेंट बना रहा है, जो दुनियाभर में धूम मचा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय फिल्मों में दुनिया के हर कोने की ऑडियंस पर गहरी छाप छोड़ने की पूरी ताकत है। टेड के मुताबिक, ऐसा ‘ऑल द टाइम’ यानी हमेशा हो रहा है और धुरंधर जैसी फिल्में इसकी सबसे बड़ी मिसाल हैं।
ग्लोबल टॉप10 में भारतीय कंटेंट का दबदबा
भारतीय सिनेमा की बढ़ती ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 2024 से लेकर अब तक हर हफ्ते नेटफ्लिक्स के ग्लोबल टॉप10 में कोई न कोई भारतीय फिल्म या सीरीज अपनी जगह जरूर बना रही है। टेड सारंडोस ने बताया कि यह उनके प्लेटफॉर्म के खास एल्गोरिद्म का भी नतीजा है, जो दर्शकों तक ऐसा बेहतरीन कंटेंट पहुंचाता है जिसे उन्होंने शायद पहले न देखा हो, लेकिन देखने के बाद उन्हें वह बहुत पसंद आता है। यही वजह है कि इस साल दुनिया भर में नेटफ्लिक्स पर भारतीय कंटेंट को 3.5 अरब घंटे तक देखा गया है। गौरतलब है कि ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट दिसंबर 2025 और दूसरा पार्ट मार्च 2026 में रिलीज हुआ था, जो अब थिएटर रन पूरा करने के बाद नेटफ्लिक्स के साथसाथ जियो हॉटस्टार पर भी धूम मचा रहा है।



