CrimeIndia

​उम्र सिर्फ 8 साल, दिमाग बेहद शातिर… पंचकूला में KG की छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले बच्चे ने रची थी झूठी कहानी

Panchkula News: पंचकूला के संस्कृति मॉडल स्कूल में केजी क्लास की मासूम बच्ची पर हुए जानलेवा हमले के मामले में स्कूल प्रशासन की परतदरपरत गंभीर लापरवाही सामने आई है. 8 वर्षीय आरोपी छात्र ने न केवल मासूम को पिता का झूठा बहाना बनाकर सुनसान कमरे में ले जाकर गमले व पत्थरों से पीटा, बल्कि पकड़े जाने के डर से पिता को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी भी गढ़ दी. दूसरी तरफ, घटना का वीडियो सामने आने के बाद हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि वीडियो इतना खौफनाक था कि उनसे देखा नहीं गया. मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.

​उम्र सिर्फ 8 साल, दिमाग बेहद शातिर… पंचकूला में KG की छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले बच्चे ने रची थी झूठी कहानी

आरोपी छात्र की हरकतों और छोटे बच्चों के साथ मारपीट की शिकायतें पहले भी स्कूल प्रशासन के पास आई थीं, लेकिन उस पर कोई निगरानी नहीं रखी गई. जिस कैमरे में दरिंदगी की यह पूरी वारदात कैद हुई, उसका लाइव डिस्प्ले प्रिंसिपल के दफ्तर में ठीक आंखों के सामने जल रहा था. लेकिन घटना के वक्त कैमरों की मॉनिटरिंग करने वाला कोई मौजूद नहीं था. बेबस पिता स्कूल परिसर में करीब 3 घंटे तक अपनी मासूम बच्ची को तलाशता रहा. सुरक्षाकर्मियों ने ऊपर की मंजिलों पर क्लासरूम्स को बिना चेक किए ही बाहर से ताले लटका दिए और न ही फुटेज खंगाली.

‘पापा बुला रहे हैं’ कहकर ले गया ऊपर, फिर रची सीनियर छात्रों की झूठी कहानी

आरोपी छात्र ने बच्ची के पास जाकर कहा कि “तुम्हारी छुट्टी हो गई है और तुम्हारे पापा बाहर बुला रहे हैं.” मासूम झांसे में आ गई और वह उसे पहली मंजिल पर स्थित सुनसान कमरे में ले गया. पहली मंजिल पर उसने बच्ची को लातों से मारा, पत्थरों से हमला किया और भारी गमले से सिर व चेहरे पर वार कर दिए. बच्ची के बेसुध होने के बाद भी वह उसे घसीटता रहा. जब बच्ची काफी देर तक नहीं मिली और पिता ढूंढते हुए ऊपर पहुंचे, तो आरोपी बच्चा डर गया. वह खुद पिता को उस कमरे तक ले गया और चालाकी से कहा “कुछ सीनियर बच्चों ने आपकी बेटी को मारकर यहां घायल हालत में फेंक दिया है.”

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का बयान: ‘मुझसे देखा नहीं गया वीडियो, कमेटी गठित’

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा मैंने खुद यह वीडियो देखा है, मुझसे वह वीडियो देखा नहीं गया. इतनी छोटी बच्ची के साथ ऐसी घटना बेहद दिल दहलाने वाली है. मैंने तुरंत जांच के लिए एक कमेटी के गठन के निर्देश दिए हैं. आज या कल तक उसकी जांच रिपोर्ट आ जाएगी. इस मामले में जो भी अधिकारी या स्कूल प्रशासन का कर्मचारी लापरवाह पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई होगी.

PGI चंडीगढ़ में वेंटिलेटर पर मासूम, आरोपी के परिजनों से पूछताछ

सेक्टर6 स्थित नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था, जहां वेंटिलेटर पर उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है. सेक्टर20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल के CCTV फुटेज खंगाल रहे हैं. पुलिस आरोपी बच्चे के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि उसके इस हिंसक व्यवहार की वजहों का पता लगाया जा सके.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply