भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी के नमो घाट पर भव्य हवाई प्रदर्शन यानी ‘एरियल डिस्प्ले2026’ आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम शुरू किए हैं. लड़ाकू विमानों की सुरक्षित उड़ान और बर्डहिट की आशंका को देखते हुए नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 अक्टूबर से कार्यक्रम की समाप्ति तक मांसमछली की बिक्री और कटिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी.

राज्य सरकार ने इस आयोजन को ‘स्टेट इवेंट’ घोषित किया है. मुख्य एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, जबकि 26 अक्टूबर को रिजर्व यानी स्टैंडबाय डे रखा गया है. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नमो घाट और आसपास के इलाकों में पहुंचने की संभावना है.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आयोजन को सुरक्षित, सुचारू और बर्डहिट मुक्त माहौल में कराने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था के साथसाथ घाटों पर साफसफाई और लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है.
बर्डहिट रोकने के लिए मांस की दुकानों पर रोक
एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की उड़ान को पक्षियों से होने वाले खतरे को कम करने के लिए नगर निगम विशेष अभियान चलाएगा. 20 से 26 अक्टूबर के बीच शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
नगर आयुक्त के मुताबिक, बर्डहिट की संभावना कम करने के लिए नमो घाट और आसपास के 20 से 30 किलोमीटर क्षेत्र में मांसमछली की दुकानों पर बिक्री और कटिंग प्रतिबंधित रहेगी. प्रशासन का उद्देश्य ऐसे स्थानों पर पक्षियों की मौजूदगी को कम करना है, जहां खाने के अवशेषों के कारण उनकी संख्या बढ़ सकती है.
एयर शो देखने के लिए घाटों पर बड़ी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जल सुरक्षा के भी इंतजाम किए जा रहे हैं. गंगा नदी के गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां प्रभावी बैरिकेडिंग की जाएगी. इसके साथ ही लोगों को खतरे वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे.
घाटों से नदी की ओर जाने वाले संवेदनशील रास्तों पर अवरोधक लगाए जाएंगे, ताकि दर्शक भीड़ के बीच अनियंत्रित होकर गहरे पानी की तरफ न पहुंच सकें. प्रशासन का फोकस एयर शो के साथसाथ श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा पर भी रहेगा.
मोबाइल टॉयलेट और सफाई की भी व्यवस्था
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नमो घाट और आसपास के इलाकों में पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे. इनकी नियमित सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह वाराणसी के लिए गौरव का आयोजन है. इसे सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छता, गंगा में बैरिकेडिंग, बर्डहिट रोकने के उपाय और दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.


