
दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं जो अपनी अनोखी बनावट और व्यवस्था के लिए मशहूर हैं। इन्हीं में से एक है न्यूजीलैंड का गिस्बोर्न एयरपोर्ट, जहां एक ही रनवे का इस्तेमाल विमान और ट्रेन—दोनों करते हैं। यह अनोखा नजारा दुनिया में बेहद दुर्लभ माना जाता है।
रनवे के बीच से गुजरती है रेलवे लाइन
न्यूजीलैंड के गिस्बोर्न शहर में स्थित इस एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को एक रेलवे ट्रैक काटता है। यानी जहां से विमान टेकऑफ और लैंडिंग करते हैं, वहीं से ट्रेन भी गुजरती है। यही वजह है कि इसे दुनिया के सबसे अनोखे एयरपोर्ट्स में गिना जाता है।
ऐसे टलता है हादसा
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यहां बेहद सख्त नियम लागू हैं। जब भी ट्रेन को रनवे पार करना होता है, उसे पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुमति लेनी पड़ती है। यदि उस समय कोई विमान उड़ान भरने या उतरने वाला होता है, तो ट्रेन को रोक दिया जाता है।
इसी तरह यदि ट्रेन रनवे पार कर रही हो, तो विमान की टेकऑफ या लैंडिंग कुछ समय के लिए रोक दी जाती है। पूरा सिस्टम एयरपोर्ट अधिकारियों और रेलवे संचालन टीम के बीच बेहतर तालमेल के साथ संचालित होता है।
हर पल रहती है निगरानी
इस अनोखी व्यवस्था में समय और संचार सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और रेलवे कर्मचारी लगातार संपर्क में रहते हैं, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो और यात्रियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित रहे।
160 हेक्टेयर में फैला है एयरपोर्ट
करीब 160 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला गिस्बोर्न एयरपोर्ट हर साल हजारों यात्रियों की आवाजाही संभालता है। रनवे से ट्रेन गुजरने की वजह से यह एयरपोर्ट दुनिया भर के पर्यटकों और एविएशन प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है



