गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सडिया गांव निवासी बर्तन व्यापारी, निषाद समाज के नेता विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. इस हत्याकांड को लेकर निषाद समुदाय में भारी आक्रोश है. इस बीच मृतक के परिवार से मिलने जा रहे यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

जानकारी के मुताबिक अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल विनोद कुमार साहनी के परिवार से मिलने गोंडा जा रहा था. पुलिस ने अजय राय को बाराबंकी के पास मसौली टोल प्लाजा के पास रोक लिया, इस दौरान वो भड़क गए. पुलिस के साथ उनकी बहसबाजी भी हुई. बताया जा रहा है कि अजय राय के साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह कांग्रेस नेता आसिम वकार और नरेंद्र सिंह समेत कार्यकर्ता मौजूद थे.
योगी आदित्यनाथ की शह पर उत्तर प्रदेश में पुलिसिया दमन चरम पर है।
गोंडा में विनोद साहनी जी की निर्मम हत्या के बाद उनके शोकाकुल परिवारजनों से मिलने जा रहे प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय जी और राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री अखिलेश प्रताप सिंह जी समेत वरिष्ठ pic.twitter.com/BJgS3qLJmV
— UP Congress September 12, 2026
गोंडा जाने से रोके गए कांग्रेस नेता
हालांकि पुलिस ने अजय राय को गोंडा जाने से पहले ही रोक दिया. कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गोंडा जाने की जिद पर अड़े रहे. इसके बाद अजय राय, अखिलेश प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता आसिम वकार और नरेंद्र सिंह समेत कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस की इस कार्रवाई पर कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर की है. पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है. खबर है कि राय और कार्यकर्ताओं को मसौली थाने ले जाया गया है.
विनोद कुमार साहनी की हत्या से सियायत तेज
यूपी में विनोद कुमार साहनी की हत्या को लेकर सियायत तेज हो गई हैं. कल शुक्रवार को यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद गोंडा में धरने पर बैठे गए थे, वहीं सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप और कई सपा नेताओं को हिरासत में लिया गया था.
लखनऊ में इलाज के दौरान हुई मौत
विनोद कुमार साहनी की गुरुवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लगातार किए जा रहे विवादित पोस्ट को लेकर उनकी कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी. बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय इसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था. आरोप है कि मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू ने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने जंगलराज का आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग की.
पुलिस प्रशासन अलर्ट
इधर यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के गोंडा दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. गोंडाकरनैलगंजपरसपुर जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग की गई है. अजय राय के दौरे से पहले कई कांग्रेसी नेताओं को उनके घर पर ही नजरबंद किया गया है और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत नहीं मिल रही है.


