IndiaUttar Pradesh

​योगी के गढ़ में अखिलेश का सियासी चक्रव्यूह! गोरखपुर में 22 KM की रथयात्रा, मिशन-2027 की तैयारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सियासी गढ़ गोरखपुर में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में हैं. गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली में रथयात्रा निकालने के बाद अखिलेश यादव अब चौरीचौरा के बहाने गोरखपुर मंडल में सियासी माहौल बनाने उतरेंगे.

​योगी के गढ़ में अखिलेश का सियासी चक्रव्यूह! गोरखपुर में 22 KM की रथयात्रा, मिशन-2027 की तैयारी

हालांकि रायबरेली में रथ यात्रा निकालने के मकसद का प्रमुख कारण था लोधी समाज को एकजुट करना और मनोज पांडे को सपा की ताकत का एहसास कराना था.गोरखपुर मे करीब 22 किलोमीटर की रथयात्रा के जरिए वह चौरीचौरा पहुंचेंगे और वहां प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद उनका स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी के घर जाने का कार्यक्रम भी सियासी तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है.

सपा की इस कवायद को सिर्फ एक कार्यक्रम या बाबू बंधू सिंह प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे मिशन2027 के तहत गोरखपुर मंडल में राजनीतिक जमीन तैयार करने की रणनीति माना जा रहा है. पार्टी की नजर इस क्षेत्र की 41 विधानसभा सीटों पर है. खास तौर पर गोरखपुर में समाजवादी पार्टी अपना खाता खोलने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत राजनीतिक क्षेत्र में चुनौती पेश करने की कोशिश में है.

चौरीचौरा से ब्राह्मण और ठाकुर वोटरों को संदेश

अखिलेश यादव के इस दौरे का एक बड़ा राजनीतिक पहलू जातीय समीकरण भी है. गोरखपुर मंडल की राजनीति में ब्राह्मण, ठाकुर और निषाद मतदाताओं की अहम भूमिका रही है. सपा इन तीनों वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश में है.

पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी का परिवार लंबे समय से पूर्वांचल की राजनीति में प्रभाव रखता है. उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी के सपा में आने के बाद योगी सरकार के कार्यकाल में उनके ठिकानों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर निशाना साधते रहे हैं. वह इसे ब्राह्मणों के उत्पीड़न से जोड़कर सरकार को घेरते रहे हैं.

पिछले दिनों एमएलसी चुनाव के दौरान भी अखिलेश यादव ने संजय त्रिपाठी से जुड़े घटनाक्रम को उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा था. उनका कहना था कि एक समाज के लोग देख रहे हैं कि उनके प्रतिनिधि के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया. इस तरह सपा प्रमुख ब्राह्मण मतदाताओं के बीच भाजपा के खिलाफ नाराजगी को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

निषाद वोट बैंक पर भी नजर

चौरीचौरा का राजनीतिक समीकरण निषाद मतदाताओं के लिहाज से भी अहम है. यह क्षेत्र निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है. मौजूदा विधायक सरवन निषाद भी इसी क्षेत्र से आते हैं. ऐसे में अखिलेश यादव की यहां सक्रियता को निषाद वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

वहीं, बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण के जरिए सपा ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय भावनाओं से जुड़ने का संदेश भी देना चाहती है. पार्टी की कोशिश है कि इस आयोजन के जरिए ठाकुर समेत दूसरे सामाजिक वर्गों तक भी अपनी पहुंच बनाई जाए.

41 सीटों पर सपा की नजर, योगी के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन

गोरखपुर और बस्ती मंडल की करीब 41 विधानसभा सीटें सपा की इस रणनीति के केंद्र में हैं. पार्टी जानती है कि पूर्वांचल में मजबूत प्रदर्शन के बिना 2027 में सत्ता की राह आसान नहीं होगी. ऐसे में अखिलेश यादव का यह दौरा संगठन को सक्रिय करने, स्थानीय नेताओं को एकजुट करने और नए सामाजिक समीकरण बनाने की कोशिश है.

सपा इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है. पीडीए रथ के जरिए रोड शो को बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदलने की तैयारी है. इसके साथ ही चौरीचौरा में स्थानीय राजनीतिक चेहरे अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू की सपा में संभावित एंट्री भी चर्चा में है. उन्हें क्षेत्र से पार्टी के संभावित उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है.

भाजपा के मजबूत गढ़ में सपा की सेंध लगाने की कोशिश

कुल मिलाकर अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा भाजपा के मजबूत गढ़ में सपा की राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश है. एक तरफ पीडीए के सामाजिक समीकरण, दूसरी तरफ ब्राह्मणों की नाराजगी का मुद्दा और तीसरी तरफ निषाद वोट बैंक पर नजर. इन तीनों रणनीतियों के सहारे अखिलेश यादव 2027 की लड़ाई में योगी आदित्यनाथ को उनके ही गृह क्षेत्र में चुनौती देने की जमीन तैयार करना चाहते हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply