अमिताभ बच्चन ने एक बार फिर अपने विचारों से फैंस का ध्यान खींचा है। दिग्गज अभिनेता ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए जिंदगी में फोकस और एकाग्रता की अहमियत पर बात की। बिग बी ने इस दौरान स्टीव जॉब्स की सोच का जिक्र करते हुए बताया कि सफलता पाने के लिए इंसान को किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए।

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पोस्ट में लिखा कि उन्होंने हाल ही में जीवन और काम को लेकर कुछ बेहद प्रेरणादायक बातें पढ़ीं। उनके मुताबिक, जिंदगी में दो चीजें सबसे ज्यादा मायने रखती हैं, ‘सिग्नल’ और ‘नॉइज’। उन्होंने ‘सिग्नल’ को एकाग्रता और लक्ष्य पर टिके रहने से जोड़ा, जबकि ‘नॉइज’ उन चीजों को बताया जो इंसान का ध्यान भटकाती हैं।
बिग बी ने कहा कि जब कोई व्यक्ति पूरी एकाग्रता के साथ काम करता है, तो उसके लिए सबसे जरूरी वही काम होता है जिसे उसी समय पूरा करना है। लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार स्क्रॉल करना, बेवजह समय बिताना या जरूरत से ज्यादा लोगों में उलझे रहना इंसान के फोकस को कमजोर कर देता है।
ने यह भी इशारा किया कि आज के डिजिटल दौर में लोग तेजी से जानकारी तो हासिल कर लेते हैं, लेकिन सोचने और समझने की प्रक्रिया कहीं पीछे छूटती जा रही है। उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया की दुनिया को ऐसा माध्यम बताया, जिसने इंसान की सोचने की आदत को काफी प्रभावित किया है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “‘जीवन और वर्क एथिक्स पर कुछ बेहद प्रेरणादायक शब्द पढ़ें… दो शब्द… संकेत और शोर… संकेत यानी एकाग्रता।” उन्होंने आगे लिखा, “जब आप एकाग्रता से काम करते हैं, तो आपको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली एकमात्र चीज वही होती है जो करनी जरूरी है। कुछ दिनों में नहीं, कल नहीं, किसी निश्चित समय पर नहीं… बल्कि अभी करो! शोर केवल आकर्षण हैं, मीडिया स्क्रॉल करने में समय बिताना, दोस्तों या परिवार के साथ अधिक समय बिताना… ये सभी एकाग्रता में बाधा डालते हैं।”
स्टीव जॉब्स का उदाहरण देते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा कि दुनिया को बदलने वाले लोग वही होते हैं, जो अपने लक्ष्य पर टिके रहते हैं और गैरजरूरी चीजों को खुद पर हावी नहीं होने देते।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन पिछली बार कल्कि 2898 एडी में नजर आए थे। फिल्म में उनके अश्वत्थामा वाले किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब वह इसके अगले पार्ट की शूटिंग में व्यस्त हैं।



