
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के जामनेर तहसील में कथित तौर पर महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है. यह घटना जामनेर के फत्तेपुर के गोदरी गांव की बताई जा रही है. गोदरी टांडा की रहने वाली 30 साल की शादीशुदा महिला का आरोप है कि ट्रैक्टर के बकाए पैसे को लेकर चार लोगों ने बंदूक की नोक पर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है.
पुलिस ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में फतेहपुर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पति ने खेती के लिए एक व्यक्ति से ट्रैक्टर किराए पर लिया था. इस ट्रैक्टर का किराया न मिलने पर ट्रैक्टर का मालिक अपने तीन अन्य साथियों के साथ महिला के खेत में घुस गया और फिर आरोपियों ने महिला को बेहोश कर दिया और बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया.
वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी का भी आरोप
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने इस वारदात का वीडियो भी बनाया है. साथ ही इन लोगों ने वीडियो को वायरल करने और गंभीर नतीजे भुगतने की भी धमकी दी, इसलिए महिला ने डर के मारे शुरू में शिकायत दर्ज नहीं कराई. हालांकि हिम्मत जुटाकर फतेहपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद, पुलिस ने BNS और दूसरी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया और चारों आरोपियों को दबोच लिया.
मामले की जांच जारी
जामनेर तहसिल में हुई इस शर्मनाक घटना की आगे की जांच जारी है. सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) बापू रोहोम के गाइडेंस में जांच चल रही है. बताया जा रहा है कि इस केस में पहले तो आरोपियों को बचाने की कोशिश की गई लेकिन जब महिला और उसके पति ने हिम्मत दिखाई तो बाद में केस दर्ज किया गया.



