CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

थाने में गर्भवती महिला और पति से बर्बरता के​​​​​​ आरोप, कपड़े उतरवाकर पीटा! SI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SIT जांच शुरू.

थाने में गर्भवती महिला और पति से बर्बरता के​​​​​​ आरोप, कपड़े उतरवाकर पीटा! SI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SIT जांच शुरू.

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाने में चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पति-पत्नी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाने में चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पति-पत्नी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि पूछताछ के दौरान दंपती के कपड़े उतरवाकर उनके साथ मारपीट की गई। महिला के करीब दो माह की गर्भवती होने का भी दावा किया गया है। मामले ने सोमवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब महिला के परिजन उसे स्ट्रेचर पर लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत सामने आने के बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

SIT को सौंपी गई जांच

पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक दामेन्द्र तुरकर, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, आरक्षक कपिल बघेल और महिला आरक्षक मेघा टेकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र भेज दिया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए DSP प्रतिष्ठा राठौर की अगुवाई में चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। टीम को दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिकायत में कैलाश चौधरी के रिश्तेदार तोषण राहंगडाले और उनके देवर रवि चौधरी ने आरोप लगाया कि 2 सितंबर की रात कैलाश और उनकी पत्नी सावित्री को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए किरनापुर थाने लाया गया था। परिजनों का दावा है कि चोरी कबूल कराने के दबाव में दोनों के साथ मारपीट की गई। आरोप यह भी है कि दंपती के कपड़े उतरवाकर उनके साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई। परिजनों के मुताबिक सावित्री को अगले दिन शाम तक थाने में रखा गया। उनका कहना है कि महिला के शरीर और पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।

मामले की शुरुआत 21 अगस्त को हुई एक कथित चोरी की घटना से बताई जा रही है। किरनापुर थाना क्षेत्र के पालडोंगरी के नागुटोला गांव की रहने वाली शीला कारमेगे अपनी परिचित अलका गिरिया के साथ किरनापुर पोस्ट ऑफिस पहुंची थीं। शिकायत के मुताबिक शीला ने बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाले थे। पैसे गिनने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने नोटों की गड्डी से रबर निकालकर पैसे गिनने की बात कही। इसी दौरान अलका के बैग से कथित तौर पर 50 हजार रुपये गायब हो गए। इस घटना की शिकायत किरनापुर थाने में की गई थी। पुलिस ने इसी मामले में कैलाश चौधरी और उनकी पत्नी सावित्री को 2 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था।

परिवार का दावा- घटना के समय दोनों अलग-अलग जगह थे

परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि चोरी के वक्त कैलाश मवेशी चराने गया था, जबकि सावित्री घर पर कपड़े सिल रही थीं। उनका आरोप है कि पर्याप्त पुष्टि किए बिना दोनों को संदेह के आधार पर थाने लाया गया और पूछताछ के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। परिवार ने पूरे मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।

CM से लेकर महिला आयोग तक शिकायत

परिजनों ने मामले की शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक के अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोग सहित पूर्व विधायक हीना कांवरे को भी भेजी है।वहीं, सोमवार को बालाघाट पहुंचे प्रभारी मंत्री उदयप्रताप सिंह से भी पत्रकारों ने इस मामले को लेकर सवाल किया। हालांकि उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वाहन में बैठकर रवाना हो गए। फिलहाल चार पुलिसकर्मियों के निलंबन और SIT जांच के बाद अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply