हुबली कर्नाटक : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण कर्नाटक के हुबली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों की सलाह पर अमित शाह होटल में आराम कर रहे हैं।

अमित शाह को हुबली के गब्बूर में KLE जगद्गुरु गंगाधर महास्वामीगलु मूरुसाविरमठ मेडिकल कॉलेज के नए शैक्षणिक भवन और 1,200 बिस्तरों वाले KLE अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करना था। उनकी अनुपस्थिति में अन्य अतिथियों ने दोनों संस्थानों का उद्घाटन किया।
डॉक्टरों की सलाह पर होटल में आराम
KLE सोसायटी के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभाकर कोरे ने कार्यक्रम में बताया कि अमित शाह की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी बताया कि शाह ने अपना संदेश कार्यक्रम में मौजूद लोगों तक पहुंचाने को कहा था।
इन नेताओं ने किया उद्घाटन
अमित शाह की गैरमौजूदगी में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, बेलगावी सांसद जगदीश शेट्टार और श्री गुरुसिद्ध राजयोगेंद्र स्वामी ने उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
अमित शाह शुक्रवार देर रात हुबली पहुंचे थे। उनकी कर्नाटक यात्रा में आगे बेलगावी जिले में एक अन्य कार्यक्रम भी निर्धारित था। उनकी तबीयत को देखते हुए आगे के कार्यक्रमों को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।



