
बिहार के मधुबनी जिले में खजौली थाना क्षेत्र के ढाहर गांव में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद रविवार को गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे स्थानीय विधायक सह मंत्री अरुण शंकर का ग्रामीणों ने विरोध किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में शराब तस्करों की गतिविधियां पुलिस की मिलीभगत से चल रही हैं. लोगों का कहना था कि जिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई, उसका संबंध कथित रूप से शराब कारोबारियों से जुड़ा हुआ है. हादसे के बाद से गांव में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
मंत्री के काफिले पर जानलेवा हमला
श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे. विरोध के दौरान स्थिति धीरे-धीरे उग्र हो गई और कुछ लोगों ने मंत्री के काफिले को घेर लिया. इस दौरान काफिले की एक गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना है.
सुरक्षा कर्मियों ने संभाला मोर्चा
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और मंत्री को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला. घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है.



