HealthIndiaTrending

कहीं नुकसान तो नहीं पहुंचा रही आपकी आई ड्रॉप? खुलने के बाद कितने दिनों तक इस्तेमाल करना सुरक्षित है?

कहीं नुकसान तो नहीं पहुंचा रही आपकी आई ड्रॉप? खुलने के बाद कितने दिनों तक इस्तेमाल करना सुरक्षित है?

आंखों में जलन, सूखापन या इंफेक्शन होने पर आई ड्रॉप का इस्तेमाल करना बेहद आम है। अक्सर लोग एक बार आई ड्रॉप की शीशी खोलने के बाद महीनों तक उसका इस्तेमाल करते रहते हैं, जो आंखों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। क्या आप जानते हैं कि एक बार सील खुलने के बाद ज्यादातर आई ड्रॉप्स केवल 4 हफ्ते तक ही इस्तेमाल के लिए सुरक्षित माने जाते हैं? इस समय अवधि के बाद ड्रॉपर में बैक्टीरिया पनपने और दवा के खराब होने का जोखिम बढ़ जाता है, जिससे आंखों में गंभीर इंफेक्शन हो सकता है।

क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि बोतल पर लिखी एक्सपायरी डेट कई महीने बाद की होती है, फिर भी उसे खोलने के कुछ समय बाद इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं माना जाता? दरअसल आई ड्रॉप की बोतल खोलने के बाद बार-बार इस्तेमाल करने से उसमें बाहर के वातावरण से सूक्ष्मजीव पहुंच सकते हैं। इससे आई ड्रॉप दूषित होने और आंखों में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। नेत्र रोग विशेषज्ञों (Ophthalmologists) से जानिए कि आई ड्रॉप खोलने के बाद उसे कितने समय तक इस्तेमाल करना चाहिए, इसे स्टोर करने का सही तरीका क्या है और किन गलतियों से बचना जरूरी है।

क्या हर आई ड्रॉप के लिए एक महीने का नियम लागू होता है?

रतन ज्योति नेत्रालय, ग्वालियर में फाउंडर एवं डायरेक्टर डॉ. पुरेंद्र भसीन के मुताबिक कई मल्टी-डोज आई ड्रॉप्स को खोलने के बाद 28-30 दिनों के अंदर इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है, लेकिन यह कोई सार्वभौमिक नियम नहीं है। किसी आई ड्रॉप को खोलने के बाद कितने समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है, यह उसके प्रोडक्ट, प्रिजर्वेटिव सिस्टम और निर्माता द्वारा दिए गए निर्देशों पर निर्भर करता है। इसलिए केवल बोतल पर लिखी एक्सपायरी डेट देखकर यह मान लेना सही नहीं है कि बोतल खोलने के बाद भी उसी तारीख तक आई ड्रॉप सुरक्षित रहेगी।

प्रिजर्वेटिव-फ्री आई ड्रॉप में क्या सावधानी रखें?

सभी आई ड्रॉप एक जैसी पैकेजिंग में नहीं आतीं। कुछ प्रिजर्वेटिव-फ्री आई ड्रॉप्स सिंगल-यूज वायल में आती हैं। इसे खोलकर इस्तेमाल करने के बाद आमतौर पर दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जाता और फेंक दिया जाता है। वहीं, कुछ आई ड्रॉप खास तरह की बोतलों में आती हैं, जिनकी पैकेजिंग उन्हें लंबे समय तक इस्तेमाल करने के लिए डिजाइन की गई हो सकती है। इसलिए किसी भी आई ड्रॉप के मामले में लेबल और पैकेज इंसर्ट पर दिए गए निर्देशों को देखना सबसे जरूरी है।

आई ड्रॉप को लंबे समय तक इस्तेमाल करने से क्या हो सकता है?

बोतल को बार-बार खोलने और इस्तेमाल करने के दौरान उसमें सूक्ष्मजीव पहुंच सकते हैं। खासतौर पर अगर ड्रॉपर का सिरा आंख, पलकों, उंगलियों या किसी दूसरी सतह को छू जाए तो आई ड्रॉप के दूषित होने की संभावना बढ़ सकती है। दूषित आई ड्रॉप का इस्तेमाल करने से आंखों में कंजंक्टिवाइटिस, कॉर्नियल इंफेक्शन या सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर संक्रमण कॉर्निया तक पहुंच जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है और कुछ मामलों में आंखों की रोशनी भी प्रभावित होने का खतरा रहता है।

आई ड्रॉप इस्तेमाल करने के बाद इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

अगर आई ड्रॉप इस्तेमाल करने के बाद या आंखों में पहले से ही ये लक्षण मौजूद हैं, तो पुरानी आई ड्रॉप डालते रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें। आंखों में कुछ लक्षण जैसे

  • आंखों में ज्यादा रेडनेस
  • आंखों में दर्द होना
  • आंखों से डिस्चार्ज या पानी आना
  • आंखों के आसपास सूजन होना
  • रोशनी देखने में परेशानी या फोटोफोबिया
  • धुंधला दिखाई देने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।  इन लक्षणों के कई कारण हो सकते हैं, इसलिए केवल पुरानी आई ड्रॉप से इलाज करने की कोशिश करना सही नहीं है।

आई ड्रॉप इस्तेमाल करते समय लोग कौन-सी गलतियां करते हैं?

डॉक्टर के मुताबिक, आई ड्रॉप इस्तेमाल करते समय कुछ सामान्य गलतियां संक्रमण का खतरा बढ़ा सकती हैं। इनमें ड्रॉपर की टिप को आंख या त्वचा से छुआना, किसी दूसरे व्यक्ति की आई ड्रॉप इस्तेमाल करना, इस्तेमाल के बाद बोतल का ढक्कन ठीक से बंद न करना, बोतल को बहुत ज्यादा गर्मी या धूप में रखना और निर्धारित समय से काफी ज्यादा समय तक बोतल का इस्तेमाल करना शामिल हैं।

आई ड्रॉप को सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के 6 तरीके

  • आई ड्रॉप डालने से पहले हाथों को अच्छी तरह साफ करें इससे आंखों में संक्रमण का खतरा नहीं रहता।
  • ड्रॉपर का सिरा आंख, पलकों, स्किन या उंगलियों को नहीं छूना चाहिए।
  • आई ड्रॉप डालने के तुरंत बाद बोतल का कैप लगा दें।
  • बोतल को निर्माता के निर्देश के अनुसार रखें और जरूरत होने पर अत्यधिक गर्मी या सीधी धूप से बचाएं।
  • अपनी आई ड्रॉप किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें।
  • बोतल खोलने की तारीख उस पर लिख दें। इससे यह याद रखने में आसानी होगी कि इसे कब डिस्कार्ड करना है।

एक्सपायरी डेट और ओपनिंग डेट में क्या अंतर है?

एक्सपायरी डेट और बोतल खोलने के बाद इस्तेमाल करने की अवधि अलग-अलग चीजें हैं। बोतल पर दी गई एक्सपायरी डेट आमतौर पर बंद प्रोडक्ट की वैधता से संबंधित होती है। बोतल खोलने के बाद इस्तेमाल की सुरक्षित अवधि के लिए निर्माता के निर्देशों को देखना चाहिए। इसलिए किसी आई ड्रॉप की बोतल पर एक्सपायरी डेट दूर होने का मतलब यह नहीं है कि उसे खोलने के बाद अनिश्चित समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। आई ड्रॉप का इस्तेमाल या उसे दोबारा शुरू करने से पहले डॉक्टर या नेत्र विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। किसी भी दवा को बिना चिकित्सीय सलाह के लंबे समय तक इस्तेमाल न करें।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply