
उज्बेकिस्तान आजकल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे दुनिया का सबसे सस्ता देश बता रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि अगर कोई भारतीय अपनी जेब में सिर्फ एक हजार रुपये लेकर उज्बेकिस्तान पहुंच जाए, तो वह वहां सीधे लखपति बन जाता है. यह बात सुनने में अजीब लग सकती है, लेकिन मनी एक्सचेंज रेट और वहां की जीवनशैली को समझने के बाद यह दावा काफी हद तक सही साबित होता है.
उज्बेकिस्तान मध्य एशिया का एक खूबसूरत देश है. ताशकंद, समरकंद, बुखारा और खीवा जैसे शहरों में ऐतिहासिक इमारतें, मस्जिदें, मदरसे और बाजार पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. लेकिन सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, यहां की अर्थव्यवस्था और रोजमर्रा की जिंदगी भी भारतीय पर्यटकों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है.
एक्सचेंज रेट है जबरदस्त
उज्बेकिस्तानी मुद्रा को सोम कहा जाता है. भारतीय रुपये और सोम के बीच विनिमय दर ऐसी है कि एक हजार रुपये से काफी बड़ी रकम सोम में मिल जाती है. जब पर्यटक स्थानीय बाजार में जाते हैं तो खाने-पीने, रहने और घूमने का खर्च बहुत कम पड़ता है. होटल, टैक्सी, स्थानीय खाना और स्मृति चिन्ह इतने सस्ते होते हैं कि भारतीय पर्यटक को लगता है जैसे उसकी क्रय शक्ति कई गुना बढ़ गई हो. इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि हजार रुपये वाला भारतीय यहां लखपति जैसा महसूस करता है. जीवनशैली की बात करें तो उज्बेकिस्तान में रोजमर्रा की वस्तुएं भारतीय शहरों की तुलना में काफी सस्ती है. सब्जियां, फल, मांस, ब्रेड और स्थानीय व्यंजन बहुत कम कीमत पर उपलब्ध होते हैं. सार्वजनिक परिवहन भी सस्ता है. टैक्सी किराया और मेट्रो दोनों ही किफायती है. पर्यटक अगर बजट होटल या गेस्ट हाउस में रुकें तो एक रात का खर्च बहुत कम आता है.
सोने का है भंडार
उज्बेकिस्तान सिर्फ सस्ता देश ही नहीं है, बल्कि यहां प्राकृतिक संसाधन भी प्रचुर मात्रा में मौजूद है. देश की जमीन में सोने का विशाल भंडार छिपा हुआ है. उज्बेकिस्तान दुनिया के प्रमुख सोना उत्पादक देशों में शामिल है. मुरांटाऊ सोने की खदान दुनिया की सबसे बड़ी खुली खदानों में से एक मानी जाती है. इसके अलावा कई अन्य खदानें भी सक्रिय हैं जहां से सोना निकाला जाता है. यह प्राकृतिक संपदा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है. पर्यटन की दृष्टि से उज्बेकिस्तान एक आकर्षक डेस्टिनेशन है समरकंद का रेगिस्तान, बुखारा का पुराना शहर, ताशकंद के आधुनिक और ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों को लुभाते हैं. सिल्क रोड के ऐतिहासिक मार्ग पर स्थित ये शहर दुनिया भर के यात्रियों को आकर्षित करते हैं. भारतीय पर्यटकों के लिए यहां वीजा प्रक्रिया भी अपेक्षाकृत आसान है और उड़ानें भी उपलब्ध हैं. यही वजह है कि धीरे-धीरे ये देश भारतीयों की लिस्ट में ऊपर आता जा रहा है.



