Ketan Agarwal News: महाराष्ट्र के लोनावला स्थित लोहागढ़ किले में हुए 26 वर्षीय केतन अग्रवाल हत्याकांड में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है. मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की 5 दिनों की पुलिस हिरासत का समय समाप्त हो रहा है. पुणे ग्रामीण पुलिस आज दोनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश कर सकती है.

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस कोर्ट से इन दोनों की रिमांड अवधि बढ़ाने की पुरजोर मांग भी कर सकती है. यही नहीं, अब इस मर्डर मिस्ट्री में अब एक तीसरे सीक्रेट विलेन की एंट्री हो चुकी है, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. हालांकि, अभी ये स्पष्ट नहीं है कि आखिर कोई तीसरा विलेन है भी या नहीं. मगर सूत्रों की मानें तो पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि कहीं सिया और चेतन के अलावा कोई तीसरा शख्स भी इस हत्याकांड में शामिल तो नहीं?
एसडीपीओ गजानन टोम्पे ने बताया जांच के तहत हमने पुणे स्थित सिया के घर पर पंचनामा पूरा कर लिया है. हम तीसरे आरोपी की पहचान करने के लिए हर मुमकिन और बारीक पहलू से तफ्तीश कर रहे हैं. पुलिस अब इस निष्कर्ष पर पहुंच रही है कि इस मामले में एक और संदिग्ध शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.
एरिया 37 की पहाड़ी पर किया था अभ्यास
पुणे ग्रामीण पुलिस की तफ्तीश में जो बात सामने आई है, उसने सबको सन्न कर दिया है. केतन को मौत के घाट उतारने के लिए सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने बकायदा ‘मर्डर का रिहर्सल’ किया था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया और चेतन ने केतन को पहाड़ी से धक्का देने की योजना को अंजाम देने से पहले पुणे के एरिया 37 के पीछे स्थित एक पहाड़ी पर बकायदा इसका अभ्यास किया था कि वारदात को कैसे अंजाम देना है ताकि यह एक महज हादसा लगे.
तीन स्थानों पर पंचनामा
गुरुवार को पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी सिया गोयल को कड़ी सुरक्षा के बीच पुणे के तीन अलगअलग स्थानों पर लेकर गई. यह वो जगहें थीं जहां सिया 18 जून की वारदात से ठीक पहले और उसके तुरंत बाद गई थी.
बिबवेवाड़ी स्थित घर पर छापेमारी, सबूत नष्ट करने का शक
गुरुवार को पुणे ग्रामीण पुलिस की टीम सिया गोयल को पुणे के बिबवेवाड़ी इलाके में स्थित उसके निजी घर पर भी लेकर आई. पुलिस टीम ने वहां गहन तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने सिया के घर से उसके कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया. पुलिस इस बात की गहराई से फॉरेंसिक जांच कर रही है कि क्या सिया ने 18 जून की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद अपने घर आकर किसी भी तरह के डिजिटल या भौतिक सबूतों को नष्ट करने का प्रयास किया था?
पॉलीग्राफी टेस्ट और आज की कोर्ट पेशी पर टिकी नजरें
केतन अग्रवाल की आगामी नवंबर में होने वाली भव्य शादी के लिए जयपुर में शानदार महल तक बुक हो चुका था, लेकिन अफेयर का राज खुलने के डर से सिया ने केतन की हत्या कर दी. सिया गोयल के वकील विपुल दूसिंग ने साफ किया है कि सिया ने लोनावला ग्रामीण पुलिस को अपने पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए लिखित रजामंदी दे दी है.
आज की रिमांड पर फोकस
पुलिस आज कोर्ट में आरोपियों के बयानों में आ रहे विरोधाभास, तीसरे आरोपी की शिनाख्त और एरिया 37 में किए गए मर्डर रिहर्सल के इनपुट को सामने रखकर दोबारा रिमांड की मांग करेगी ताकि इस खूनी खेल की पूरी सच्चाई देश के सामने आ सके.



