IndiaTrending

बंद बंगले में घुसते: ही जाली में बुरी तरह फंसा युवक, बाहर निकालने के बजाय लोगों ने शुरू कर दी पिटाई, जानिए पूरा मामला

बंद बंगले में घुसते: ही जाली में बुरी तरह फंसा युवक, बाहर निकालने के बजाय लोगों ने शुरू कर दी पिटाई, जानिए पूरा मामला

सूरत: गुजरात के सूरत शहर के नाना वराछा इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंद बंगले में घुसने की कोशिश के दौरान एक युवक स्टील की जाली में बुरी तरह फंस गया। वह काफी देर तक बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि युवक की मदद करने के बजाय कुछ लोगों ने उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

बंद बंगले की जाली में फंसा युवक

यह मामला नाना वराछा की राजा राम नगर सोसायटी का बताया जा रहा है। सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, युवक एक बंद बंगले में घुसा था। इसी दौरान वह मकान की स्टील की जाली में फंस गया। जाली के बीच फंसे युवक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वह खुद को छुड़ा नहीं पाया।

कुछ ही देर में आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। युवक को कथित चोर समझकर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है।

हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह पुष्टि नहीं की गई है कि युवक वास्तव में चोरी करने के इरादे से बंगले में घुसा था या उसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।

करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा मामला

कापोद्रा पुलिस इंस्पेक्टर महिपाल सिंह सोलंकी के मुताबिक, यह घटना करीब 15 दिन पुरानी है। हालांकि, इससे जुड़ा मामला दो-तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर सामने आया और इसके बाद चर्चा में आ गया।

पुलिस के अनुसार, बंगले में रहने वाला परिवार लंबे समय से अमेरिका में रहता है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बंगले के मालिक किशोर भाई से भी संपर्क किया।

घर से सामान चोरी होने की नहीं मिली जानकारी

बंगले के मालिक ने पुलिस को बताया कि घर से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। साथ ही, किसी ताले के टूटने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

फिलहाल पुलिस जाली में फंसे युवक की पहचान करने में जुटी है। इसके अलावा यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह बंगले में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में किसी शिकायत की जानकारी नहीं मिली है।

जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक बंगले में किस मकसद से घुसा था और उसके साथ हुई मारपीट को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply