
एशियन गेम्स 2026 में भारत को अपना 9वां गोल्ड मेडल मिल गया है. नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने भारत को शूटिंग में एक और मेडल दिलाया. भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 का 11वां दिन बेहद शानदार साबित हुआ है. पहले भारत ने तीरंदाजी में दो गोल्ड मेडल जीते और अब शूटिंग में भी कमाल किया. ट्रैप मिक्स्ड शूटिंग इवेंट में भारत ने बहुत कम अंतर से कतर के मोहम्मद अल रुमैही और रे बासिल को हराया.
नीरू-किनान ने जीता गोल्ड मेडल
नीरू ढांडा और किनान चेनाई ने क्वालिफिकेशन मैच में शानदार प्रदर्शन करके फाइनल में जगह बनाई. उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 150 में से 136 अंक हासिल किए थे और चौथे स्थान पर रहे थे. मिक्स्ड ट्रैप शूटिंग टीम के फाइनल में भी नीरू और किनान ने सटीक निशानेबाजी की. उनकी शुरुआत निराशाजनक रही और वह शुरुआती सीरीज में 10 में से सिर्फ 6 शॉट्स लगा पाए. वह रैंकिंग में सबसे नीचे थे. इसके बाद उन्होंने जोरदार कमबैक किया और एक भी शॉट मिस नहीं किया. इसी के साथ उन्होंने 40 में से 34 अंक हासिल करके गोल्ड मेडल पर कब्जा किया.
दूसरे स्थान पर कतर के मोहम्मद अल रुमैही और रे बासिल रहे, जिन्होंने 32 अंक हासिल किए थे, वहीं चीन के क्वी यिंग और सुन युनोंग ने 23 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. बता दें कि 34 का फाइनल स्कोर अपने आप में इतिहास रच गया. इससे पहले कतर ने 30 का फाइनल स्कोर दर्ज किया था, जो मिक्स्ड ट्रैप शूटिंग का सबसे बड़ा स्कोर था. अब भारतीय जोड़ी ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है.
नीरू ढांडा ने जीता तीसरा मेडल
एशियन गेम्स 2026 में यह नीरू ढांडा का तीसरा मेडल है. इससे पहले हरियाणा की इस आर्मी शूटर ने वुमेंस टीम ट्रैप इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था. उन्होंने आशिमा अहलावत और मनीषा कीर के साथ मिलकर 328 का स्कोर दर्ज किया. इसके कुछ घंटों बाद ही उन्होंने व्यक्तिगत ट्रैप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने फाइनल में 30 में से 28 का स्कोर हासिल किया और एशियन गेम्स में व्यक्तिगत ट्रैप इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली महिला बन गईं.
अब उन्होंने मिक्स्ड टीम ट्रैप इवेंट में फिर गोल्ड जीता. एशियन गेम्स 2026 में वह 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं. वह इस प्रतियोगिता में भारत की MVP साबित हुई हैं. इससे पहले उन्होंने ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी कमाल किया.



