
बलरामपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र में बलरामपुरतुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर बुधवार सुबह 7:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक, स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में डिजायर सवार मांबेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई।
मृतकों की पहचान श्यामनारायण ,पुत्र राजमन निवासी लोनियाभार, थाना महुली, संतकबीरनगर और उनकी मां कैलाशी देवी के रूप में हुई है। हादसे में श्यामनारायण की पत्नी वंदना चौधरी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। बताया गया कि श्यामनारायण तुलसीपुर चीनी मिल में केन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक श्यामनारायण की डायलिसिस होनी थी और वह अपनी मां कैलाशी देवी तथा पत्नी वंदना के साथ स्विफ्ट डिजायर UP 32 LQ 6166 से लखनऊ जा रहे थे। कार श्यामनारायण स्वयं चला रहे थे। इसी दौरान बलरामपुरतुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद डिजायर अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रही बोलेरो से भी टकरा गई। तीन वाहनों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि डिजायर सवार श्यामनारायण और उनकी मां कैलाशी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वंदना गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बोलेरो सवार भी दवा लेने जा रहे थे लखनऊ
हादसे में शामिल बोलेरो नौगढ़ के दूल्हा कोठी से लखनऊ जा रही थी। बताया गया कि बोलेरो में सवार लोग दवा लेने के लिए लखनऊ जा रहे थे। वाहन में प्रकाश, राम सिंह, रामरतन और चंद्रभान समेत अन्य लोग सवार थे। बोलेरो चालक की पहचान राजेश के रूप में हुई है।
बोलेरो चालक राजेश के अनुसार, उनकी बोलेरो के आगे स्विफ्ट डिजायर चल रही थी। बालाजी गैस एजेंसी के पास अचानक डिजायर अपनी दिशा से हटकर सामने से आ रहे ट्रक की ओर चली गई। इसी दौरान कार का स्टीयरिंग अचानक घूम गया और ट्रक से टकराने के बाद डिजायर उनकी बोलेरो से भी जा भिड़ी।
झपकी आने की बात, जांच के बाद साफ होगी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा रही कि स्विफ्ट डिजायर चला रहे श्यामनारायण को संभवतः झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
मांबेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहतबचाव कार्य शुरू कराया। दोनों मृतकों के शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल वंदना चौधरी को चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया है।
हादसे के बाद बलरामपुरतुलसीपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। एक ही परिवार के मांबेटे की मौत और बहू के गंभीर रूप से घायल होने की इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस अब हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी है।
ः



