
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो, बल्कि फरियादियों को वास्तविक और स्थायी राहत मिलनी चाहिए।
टिकरी निवासी इन्द्रसेन रावत ने बदोसराय स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में ट्रेजरी सुविधा शुरू कराने की मांग की, जिस पर डीएम ने एलडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खालसापुर की मिथिलेश कुमारी ने गाटा संख्या से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत की। किठूरी की समूह सखी सरिता देवी सहित अन्य समूह सखियों ने अवशेष मानदेय भुगतान की मांग की, जिस पर डीएम ने बीडीओ को शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश दिए। धुसड़िया के ग्रामीणों की विद्युत ट्रांसफॉर्मर और कनेक्शन की मांग पर अधिशासी अभियंता हाइडिल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों को ग्रामवार भूमि विवाद चिन्हित कर सूची तैयार करने तथा संयुक्त टीमों के माध्यम से मौके पर जाकर प्रभावी निस्तारण कराने को कहा।
दतौलीबाबा टीकाराम धाम मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठा
हैदरगढ़ में जर्जर मार्ग का मुद्दा भी उठा। अधिवक्ता सोमिल शुक्ला ने दतौली से बाबा टीकाराम धाम जाने वाले प्रमुख मार्ग के निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि रानीपुर गांव के पास पुल की दोनों ओर की पटरियां बह जाने से सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन वाहन सवार घायल हो रहे हैं और जनहानि का खतरा बना हुआ है। विभिन्न तहसीलों में कुल 54 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। नवाबगंज में 151 में 15, रामसनेहीघाट में 99 में 14, सिरौलीगौसपुर में 98 में 12, रामनगर में 89 में 5, फतेहपुर में 32 में 6 और हैदरगढ़ में 53 में 2 शिकायतों का निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एएसपी, एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



