
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में लगातार तीसरे दिन जारी तेज बारिश और आंधी ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। लगभग 48 घंटे से अधिक समय से हो रही बारिश के बीच जिलेभर में जगहजगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से आवागमन और विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने और तेज हवा से हजारों बीघे धान की खड़ी फसल गिर गई है।
रामसनेहीघाट में छप्पर पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सूरतगंज में पेड़ की चपेट में आने से महिला घायल हो गई। बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। लगातार बारिश से तालतलैयों में उफान और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बिजली के पोल और पेड़ गिरने से कई इलाकों में बिजलीपानी की व्यवस्था प्रभावित हुई है। एक ओर जहां आम जनजीवन प्रभावित है, वहीं खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने से किसानों के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
मौसम खराब रहने के बीच प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने जलभराव, विद्युत आपूर्ति बहाल करने, गिरे पेड़ों को हटाने और फसल नुकसान का आकलन करने की चुनौती बनी हुई है। शहर स्थित बेगमगंज कर्बला, सिविल लाइन के दरगाह वज़न शाह बाबा की मजार परिसर में लगा पेड़ देर रात करीब 12 बजे तेज हवा के चलते पास के मकान पर जा गिरा। मकान में रह रहे दो परिवार बालबाल बच गए। स्थानीय निवासी राशिद खान ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग सो रहे थे।
अचानक तेज आवाज सुनाई दी तो सभी घबराकर बाहर भागे। पेड़ गिरने से मकान की छत पर रखी सीमेंट की टीन क्षतिग्रस्त हो गईं और छत को भी नुकसान पहुंचा। सुबह सभासद को सूचना दी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक नगर पालिका की टीम पेड़ हटाने नहीं पहुंची थी। पेड़ रास्ते में गिरा होने से परिवार के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
शहर और आसपास के इलाकों में जलभराव
शहर और आसपास के इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नई कॉलोनियों में पानी भर गया। सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। पीरबटावन, सट्टी बाजार में जोरदार बारिश के बाद नाला भरकर बाहर आ गया। जमुरिया नाले में भी पानी बढ़ने से आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
उधर, फतेहपुर कोतवाली के सरदारगंज गांव में शुक्रवार शाम बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से उसके पास से गुजर रही सुनीता देवी पत्नी संदीप यादव मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें फतेहपुर सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। सुनीता के तीन बच्चों रवि कुमार, आकाश और प्रियंका के सिर से मां का साया उठ गया। तहसीलदार रामनगर विपुल सिंह ने बताया कि राजस्व टीम से जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार दैवीय आपदा के तहत परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
35 पेड़ और 40 बिजली के पोल गिरे
फतेहपुर क्षेत्र में आंधी और बारिश से करीब 35 पेड़ सड़कों पर गिर गए, जबकि लगभग 40 बिजली के पोल भी धराशायी हो गए। इसके चलते करीब 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। मझगवां शरीफ, बिलौली, राममंडई, फतेहपुर खास, ब्रह्मणी टोला, भगौली तीर्थ, औरंगाबाद, दादनपुर, ज्योली, सेवली, मोहम्मदपुर खाला, जरखा, रामनेवाजपुरवा, खपुरवा, बिहुरी, बिहुरा, बड़नापुर, मोहारी, इसरौली, गौरा गजनी, सरसवां और बसारा समेत कई गांवों में धान के खेत पानी से भर गए हैं। तेज हवा से फसलें खेत में गिर गई हैं। मौसम खराब होने के कारण किसान फसल काट भी नहीं पा रहे हैं, जिससे नुकसान बढ़ने की आशंका है।
छप्पर पर गिरा इमली का पेड़, एक की मौत
रामसनेहीघाट के गढ़ी मजरे मऊ गांव में भी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। छप्पर के नीचे तीन लोग सो रहे थे, तभी अचानक इमली का पेड़ छप्पर पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से लाल बहादुर वर्मा पुत्र केशव राम की मौत हो गई। उनका पोस्टमार्टम लखनऊ में कराया जा रहा है। रामसनेहीघाट में लगातार तीसरे दिन हुई झमाझम बारिश से बाजारों की रफ्तार थम गई। भिटरिया, सुमेरगंज, कोटवा सड़क, दरियाबाद और देवीगंज समेत कई बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। बारिश के चलते खरीदार घरों से नहीं निकले, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ और दिनभर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। तेज हवा और बारिश का असर सड़कों पर भी दिखा।
हाईवे पर गिरा विशालकाय पेड़, दूसरी लेन से निकाले वाहन
अहमदपुर टोल प्लाजा के पास लखनऊअयोध्या हाईवे पर विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। सूचना पर अहमदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को दूसरी लेन से निकलवाया। टोल कर्मचारियों ने पुलिस के साथ मिलकर पेड़ हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। नगर पंचायत रामसनेहीघाट के दरियाबाद रोड पर मंत्री के आवास के पास चिलबिल का पेड़ सड़क की ओर झुक गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
रामनगरबदोसराय मार्ग पर यूनियन इंटर कॉलेज के सामने भी तेज हवा के झोंके से विशालकाय पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ सड़क पर गिरने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। वहीं बारिश और आंधी के बीच जिले के अन्य हिस्सों में भी पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित होने की सूचनाएं सामने आती रहीं। सूरतगंज क्षेत्र के सुर्जनपुर गांव में घर के बाहर खड़ी 35 वर्षीय गुल्लो पत्नी सलीम के ऊपर यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। गंभीर रूप से घायल गुल्लो को परिजन सीएचसी सूरतगंज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



