
महमूदाबाद/सीतापुर, अमृत विचार। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को इलाके के एक घर के बाहरी हिस्से की कच्ची दीवार और टिनशेड भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर एक मासूम की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
महमूदाबाद क्षेत्र के मालसराय गांव निवासी अनुज का चार वर्षीय पुत्र सूर्यांश अपने चचेरे भाई शिवांश पुत्र अंकुश के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान लगातार बारिश के चलते अचानक कच्ची दीवार और टिनशेड दोनों बच्चों के ऊपर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सूर्यांश को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवांश की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ कपूर कुमार तथा कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।



