
बाराबंकी, अमृत विचार : रविवार रात शहर कोतवाली क्षेत्र के कुरौली कस्बे में किराए के मकान में रह रहे युवक का शव फंदे से लटका मिला। साथ रह रही युवती ने यह दृश्य देखा तो चीख पड़ी। शोर सुनकर लोग पहुंचे और युवक को उतार कर अस्पताल पहुंचाया पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
जैदपुर थाना क्षेत्र के गोछौरा गांव निवासी बरसाती लाल का पुत्र अभिषेक कुमार एक निजी कंपनी में काम करता था। काम के चलते वह नगर कोतवाली क्षेत्र के कुरौली कस्बे में किराए के कमरे में रह रहा था। रविवार की रात उसने कमरे में ही फंदा लगाकर जान दे दी। उसके साथ रह रही युवती देर रात कमरे में पहुंची तो अभिषेक को फंदे पर लटका देख वह शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि अभिषेक की दूर की रिश्तेदार एक युवती भी आलापुर में काम करती है और दोनों एक माह से साथ रह रहे थे। इनके बीच प्रेम संबंध की भी चर्चा है। परिजन युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि अभी लिखित तहरीर नहीं दी गई है। इस बारे में आवास विकास चौकी प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि युवक और युवती दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजन मौखिक रूप से कह रहे हैं। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ः



