IndiaUttar Pradesh

बरेली: न ताला टूटा, न किसी को भनक लगी… घर से गायब हो गए 50 लाख के गहने, मनाली गया हुआ था परिवार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली के प्रेमनगर इलाके में हुई एक चोरी की घटना ने पुलिस के साथसाथ इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है. मामला प्रियदर्शनी नगर का है, जहां ट्रांसपोर्ट कारोबारी के घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गई. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर में नीचे परिवार के बुजुर्ग मौजूद थे, लेकिन ऊपर बने कमरों में चोरी हो गई और किसी भी ताले को तोड़े जाने के निशान भी नहीं मिले. परिवार के लोग मनाली में छुट्टियां मना रहे थे. आरोप है कि 50 लाख के जेवर और कैश लेकर चोर फरार हो गए.

बरेली: न ताला टूटा, न किसी को भनक लगी… घर से गायब हो गए 50 लाख के गहने, मनाली गया हुआ था परिवार

जानकारी के मुताबिक, प्रियदर्शनी नगर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी अर्पित अग्रवाल कुछ दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ छुट्टियां मनाने मनाली गए थे. उनके जाने के बाद घर के ग्राउंड फ्लोर पर उनके मातापिता रह रहे थे. इसी दौरान चोरों ने ऊपर के हिस्से को निशाना बनाया. घर लौटने के बाद जब अर्पित अपने कमरे में पहुंचे तो अलमारी खुली देखकर परिवार के होश उड़ गए. जांच करने पर पता चला कि अलमारी से करीब 40 से 50 लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी गायब है. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

कीमती सामान गायब होने से बढ़ा शक

इस घटना की सबसे बड़ी खास बात यह है कि चोरों ने कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई. अलमारी में रखा पूरा सामान नहीं उठाया गया. केवल चुनिंदा जेवर और नकदी ही गायब मिली, जबकि बाकी सामान वहीं रखा रहा. यही वजह है कि मामला सामान्य चोरी से अलग नजर आ रहा है. परिवार और आसपास के लोगों में चर्चा है कि वारदात को अंजाम देने वाले को घर की बनावट, कमरों की जानकारी और अलमारी में रखे सामान की पूरी जानकारी हो सकती है.

बिना ताला तोड़े कमरे तक पहुंचना और फिर सिर्फ महंगा सामान निकालना कई सवाल खड़े कर रहा है. घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला.

करीबियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच

पुलिस अब इस मामले को कई एंगल से देख रही है. परिवार के संपर्क में रहने वाले लोगों, कर्मचारियों, ड्राइवरों और घरेलू सहायकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. जांच टीम यह समझने की कोशिश कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी जानकारी के आधार पर तो वारदात नहीं की गई. इलाके के लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. खासकर तब, जब घर में लोग मौजूद हों और फिर भी इतनी बड़ी चोरी हो जाए.

प्रेमनगर इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. पुलिस मौके का निरीक्षण कर चुकी है. परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply